भारत

देवर निकला कातिल! 80 हजार की सुपारी देकर भांजों से कराई भाभी की हत्या

SHIDDHANT
15 July 2026 8:19 PM IST
देवर निकला कातिल! 80 हजार की सुपारी देकर भांजों से कराई भाभी की हत्या
x
लोहे की रॉड से हमला, फिर गला दबाकर हत्या... देवर समेत तीन गिरफ्तार
Saharanpur सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या उसके ही देवर ने संपत्ति विवाद के चलते 80 हजार रुपये की सुपारी देकर अपने दो भांजों से कराई थी। पुलिस ने वारदात के चार दिन के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को निहालखेड़ी गांव निवासी राकेश ने अपनी बहन रीना की हत्या का मामला दर्ज कराया था। शिकायत में बताया गया कि 10-11 जुलाई की रात अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर रीना की हत्या कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए देवबंद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रवि, अंकित और अंकुर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी रवि ने बताया कि उसके भाई अर्जुन की कुछ वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद संपत्ति पहले अर्जुन के बेटे सूर्य के नाम हुई, लेकिन कुछ माह पहले उसकी भी मृत्यु हो गई। इसके बाद संपत्ति का अधिकार रीना के पास आ गया। पुलिस के अनुसार, रीना जमीन और मकान बेचकर कहीं और बसना चाहती थी, जबकि रवि उस संपत्ति पर कब्जा करना चाहता था। इसी विवाद के चलते उसने हत्या की साजिश रची। जांच में सामने आया कि रवि ने अपने भांजों अंकित और अंकुर को 80 हजार रुपये देने का लालच देकर वारदात में शामिल किया।
तीनों
ने रात में घर पहुंचकर पहले रीना पर लोहे की रॉड से हमला किया और फिर कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी रवि के खिलाफ पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Next Story