दिल्ली-एनसीआर

उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, IMD ने कई राज्यों में हीटवेव और बारिश का अलर्ट किया जारी

Gulabi Jagat
25 April 2026 7:06 PM IST
उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, IMD ने कई राज्यों में हीटवेव और बारिश का अलर्ट किया जारी
x

India : देश के उत्तर और मध्य भारत में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जबकि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक उत्तर भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद मौसम में बदलाव की संभावना है और कई राज्यों में बारिश होने का अनुमान जताया गया है।मौसम विभाग (India Meteorological Department) ने उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 25 से 28 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 से 30 अप्रैल के दौरान बारिश होने का अनुमान है।

मैदानी राज्यों में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 27 से 30 अप्रैल तक बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी 27 से 30 अप्रैल के बीच मौसम में बदलाव देखा जा सकता है। पूर्वोत्तर भारत में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 25 अप्रैल से 1 मई के बीच गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मध्य भारत के राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी 25 से 29 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव मौसमी प्रणाली के सक्रिय होने का संकेत है, जिससे कुछ क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन तेज हवाओं और बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर सतर्क रहने की जरूरत होगी।

Next Story