दिल्ली-एनसीआर

Sector -20 पुलिस की कार्रवाई में बड़ी सफलता

Ratna Netam
4 July 2026 4:44 PM IST
Sector -20 पुलिस की कार्रवाई में बड़ी सफलता
x

Noida नोएडा : थाना सेक्टर-20 पुलिस ने घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर फरार चल रहे दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर एक बड़े चोरी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई स्टील की टोटियां, 20,570 रुपये नकद, दिल्ली से चोरी की गई मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल होने वाले औजार और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों का गौतमबुद्धनगर और दिल्ली में लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-20 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट, सेक्टर-29 के पास से दो आरोपियों फिरोज उर्फ बब्लू और आशीष को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुलिस ने सेक्टर-19 में एक मकान से चोरी की गई स्टील की टोटियां, थाना सेक्टर-24 और सेक्टर-39 में दर्ज मामलों से संबंधित 20,570 रुपये नकद, दिल्ली के सीमापुरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई औजार बरामद किए।इन औजारों में प्लास नुमा कटर, लोहे का रिंच, लोहे का कटर, सब्बल, छैनी और दो अवैध चाकू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे और मौके का फायदा उठाकर फरार हो जाते थे।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सेक्टर-39 क्षेत्र में मोबाइल और लैपटॉप चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि चोरी से मिले पैसे पहले ही खर्च किए जा चुके हैं। इस संबंध में पहले से ही थाना सेक्टर-39 में कई मुकदमे दर्ज हैं।जांच में सामने आया है कि फिरोज उर्फ बब्लू मूल रूप से बुलंदशहर का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा में रहकर ओला-उबर टैक्सी चलाता था, जबकि आशीष बरेली का निवासी है और टैक्सी चालक के रूप में काम करता है। दोनों चालक की आड़ में बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, फिरोज के खिलाफ 13 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। वहीं आशीष के खिलाफ भी 14 से अधिक मामले दर्ज हैं। दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आने के बाद पुलिस इनके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा करने की कोशिश कर रही है। इस कार्रवाई को नोएडा पुलिस की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Next Story