- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Inter-state ड्रग्स...

Noida नोएडा : ग्रेटर नोएडा में थाना बीटा-2 पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में एक नाइजीरियाई नागरिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 143 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक स्कूटी और 17,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 14 लाख रुपये आंकी गई है।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर थाना बीटा-2 पुलिस और एसओजी टीम ने सेक्टर चाई-4 स्थित जनता फ्लैट सर्विस रोड पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी अरुण कसाना, ग्रेटर नोएडा निवासी अतुल सिंह और नाइजीरिया के लागोस निवासी चिडुबेम स्टेनली के रूप में हुई है, जो वर्तमान में दिल्ली के उत्तम नगर में रह रहा था।पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में एमडीएमए ड्रग्स की तस्करी कर रहा था। आरोपी सस्ते दामों में मादक पदार्थ खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़ियां तैयार करते थे और फिर उन्हें विभिन्न आवासीय सोसाइटियों और अन्य स्थानों पर ऊंचे दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस गिरोह का मुख्य सरगना नाइजीरियाई नागरिक चिडुबेम स्टेनली है। पुलिस के अनुसार वह वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था। जेल से बाहर आने के बाद उसने दोबारा ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क सक्रिय कर लिया था।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में चल रहे नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।





