दिल्ली-एनसीआर

दिल्लीवालों को बारिश ने दी गर्मी से राहत, आज भी बूदांबांदी के आसार

Renuka Sahu
25 Aug 2022 2:44 AM GMT
दिल्लीवालों को बारिश ने दी गर्मी से राहत, आज भी बूदांबांदी के आसार
x
राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में बुधवार को हल्की बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में बुधवार को हल्की बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को भी हल्की बूदांबांदी हो सकती है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार सुबह से ही धूप निकली जो दिन चढ़ने के साथ ही तेज होती गई। लेकिन, दोपहर बारह बजे के बाद दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में घने बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। इस दौरान कई इलाकों में हल्की बारिश हुई।

इससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। जबकि, न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस समय का सामान्य तापमान है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 95 से 64 फीसदी तक रहा।
दिल्ली के पूसा क्षेत्र में सबसे ज्यादा बारिश हुई। यहां पर नौ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। जबकि, सफदरजंग में 6.1, लोधी रोड पर 4.2, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स पर 4.5 और मयूर विहार में 2.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान हवा की गति छह से 12 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रहने की संभावना है।
तीन दिन तक मिलेगी साफ हवा
मौसम के अलग-अलग कारकों की वजह से दिल्ली की हवा लगातार साफ-सुथरी बनी हुई है। बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 63 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। सफर का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहेगा।
Next Story