दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: दिल्ली में तिरंगा अभियान को लेकर तैयारियां तेज, 15 लाख का लक्ष्य

Admindelhi1
19 July 2026 3:03 PM IST
New Delhi: दिल्ली में तिरंगा अभियान को लेकर तैयारियां तेज, 15 लाख का लक्ष्य
x
"दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगा अभियान की तैयारी तेज"

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान को जनभागीदारी, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ने की तैयारी कर रही है। इस अभियान में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को महत्वपूर्ण भागीदार बनाया गया है। सरकार पात्र स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से करीब दो लाख राष्ट्रीय ध्वज तैयार कराएगी।

दिल्ली सरकार का लक्ष्य पूरी दिल्ली में 15 लाख से अधिक राष्ट्रीय ध्वज वितरित करने का है। इन समूहों द्वारा तैयार किए गए तिरंगों का उपयोग अभियान के दौरान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को जारी बयान में कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस अभियान को समाज के हर वर्ग की भागीदारी से सफल बनाने के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को राष्ट्रीय ध्वज निर्माण से जोड़ने का निर्णय सरकार की उस सोच का हिस्सा है, जिसमें जनकल्याणकारी अभियानों के साथ आजीविका के अवसरों को भी जोड़ा जा रहा है। इससे समूहों के सदस्यों को आर्थिक अवसर मिलने के साथ ही राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनने का गौरव भी मिलेगा।


राज्य शहरी आजीविका मिशन (एसयूएलएम), दिल्ली सरकार द्वारा चिन्हित और संगठित पात्र स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से दो लाख राष्ट्रीय ध्वज तैयार किए जाएंगे। एसयूएलएम शहरी गरीबों की आजीविका को मजबूत करने, कौशल विकास, उद्यमिता और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास और जनभागीदारी को साथ लेकर आगे बढ़ना है। स्वयं सहायता समूहों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़कर दिल्ली सरकार सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत करने और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठा रही है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जाने वाले सभी राष्ट्रीय ध्वज भारतीय ध्वज संहिता, 2002, राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम, 1971 और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरी दिल्ली में 15 लाख से अधिक तिरंगे वितरित किए जाएंगे। इसके लिए ऑनलाइन बाजारों से भी राष्ट्रीय ध्वज खरीदे जाएंगे।

Next Story