दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: दिल्ली सरकार का फैसला, 275 विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स को मिली इंटर्नशिप

Admindelhi1
22 July 2026 1:07 PM IST
New Delhi: दिल्ली सरकार का फैसला, 275 विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स को मिली इंटर्नशिप
x
275 विदेशी मेडिकल स्नातकों का इंटर्नशिप का इंतजार खत्म

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने विदेशी मेडिकल स्नातकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद 275 अभ्यर्थियों को 12 अस्पतालों में इंटर्नशिप सीटें आवंटित की हैं। यह पहल उन फॉरेन मेडिकल स्नातकों के लिए बहुत बड़ी राहत साबित होगी, जो मेडिकल की अनिवार्य परीक्षा पास करने के बाद इंटर्नशिप की प्रतीक्षा कर रहे थे। इंटर्नशिप पूरी होने के बाद ये मेडिकल स्नातक मेडिकल रजिस्ट्रेशन प्राप्त कर भविष्य में चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं दे सकेंगे।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मंगलवार एक विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि कुल 275 इंटर्नशिप सीटों में से 68 सीटें राजधानी के सात टीचिंग अस्पतालों में आवंटित की गई हैं। इनमें ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, अटल बिहारी वाजपेयी एवं डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज एवं सफदरजंग अस्पताल, हमदर्द इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च, डॉक्टर बाबा साहेब अंबेडकर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और एनडीएमसी मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त 207 सीटें पांच नॉन-टीचिंग अस्पतालों में आवंटित की गई हैं। इनमें दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल, गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल (रघुबीर नगर), जयपुर गोल्डन अस्पताल, बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और सेंट स्टीफंस अस्पताल शामिल हैं।

डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार युवा चिकित्सा पेशेवरों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ राजधानी की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है। 275 फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट को इंटर्नशिप उपलब्ध कराकर हमने यह सुनिश्चित किया है कि पात्र अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण बिना किसी अनावश्यक देरी के पूरा हो सके।

Next Story