- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- New Delhi: आत्महत्या...
New Delhi: आत्महत्या मामले में भाजपा ने पार्षद के इस्तीफे की मांग की

नई दिल्ली: सफाई कर्मी दीपक की आत्महत्या के मामले में आम आदमी पार्टी (आआपा) के त्रिलोकपुरी से निगम पार्षद विजय कुमार की भूमिका को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने शनिवार को आआपा कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विजय कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में दिवंगत सफाई कर्मी दीपक की पत्नी संगीता भी अपने छोटे बच्चे के साथ शामिल हुईं।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा विधायक रविकांत उज्जैनवाल ने किया, जबकि निगम पार्षद प्रियंका गौतम ने इसका संयोजन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विजय कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों और निगम पार्षद कार्यालय के कर्मचारियों के बीच तीखी बहस और झड़प की स्थिति भी उत्पन्न हुई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सफाई कर्मी दीपक के परिवार को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
प्रियंका गौतम ने कहा कि सफाई कर्मी समाज दिल्ली को स्वच्छ रखने के लिए दिन-रात मेहनत करता है और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। दीपक के मामले में सामने आए गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि दीपक के परिवार को न्याय दिलाना केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि उन सभी सफाई कर्मियों के सम्मान और अधिकार की लड़ाई है, जो दिल्ली की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देते हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी और संबंधित निगम पार्षद से इस मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
प्रियंका गौतम ने कहा कि दीपक की पत्नी संगीता न्याय की उम्मीद में प्रदर्शन में शामिल हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने अब तक निगम पार्षद विजय कुमार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
प्रदर्शन में पूर्व उप महापौर राजकुमार ढिल्लों, पूर्व विधायक रोहित महरौलिया, त्रिलोकपुरी मंडल अध्यक्ष सुनील सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।





