
x
बड़ी खबर
Delhi. दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजे घोषित हो गए हैं। चार केंद्रीय पदों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के पद पर जीत हासिल की है। अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास विजयी हुए, जबकि सचिव पद पर रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह ने जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत हासिल की। इस तरह चार केंद्रीय पदों में तीन ABVP और एक निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गया। शनिवार सुबह आठ बजे नॉर्थ कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल में मतगणना शुरू हुई थी। शुरुआती दौर से ही अध्यक्ष पद पर ABVP और NSUI के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कई राउंड में दोनों उम्मीदवारों की बढ़त बदलती रही और आखिर में यश डबास ने जीत दर्ज की।
यश डबास ने 2053 वोटों से जीता अध्यक्ष पद
अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास को कुल 24,576 वोट मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी NSUI के विजय शंकर मीणा को 22,523 वोट मिले। इस तरह डबास ने 2,053 मतों के अंतर से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद की मतगणना काफी दिलचस्प रही। शुरुआती और मध्य दौर में कभी यश डबास तो कभी विजय शंकर मीणा आगे रहे। नौवें राउंड में स्थिति ऐसी थी कि विजय मीणा महज एक वोट से आगे थे। बाद के चरणों में भी दोनों के बीच मामूली अंतर बना रहा, लेकिन अंतिम दौर में डबास ने निर्णायक बढ़त हासिल कर ली।
जीत के बाद यश डबास ने बताया पहला मुद्दा
जीत के बाद यश डबास ने छात्रों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि पीजी और हॉस्टलों का सेफ्टी ऑडिट कराया जाना उनके प्रमुख मुद्दों में रहेगा। उनका यह बयान हाल में सत्य निकेतन में हुए हादसे की पृष्ठभूमि में आया है। छात्र आवास और सुरक्षा इस बार DUSU चुनाव में महत्वपूर्ण मुद्दों में शामिल रहे। चुनाव प्रचार के दौरान भी हॉस्टल, पीजी, छात्र सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़े सवाल उम्मीदवारों की ओर से उठाए गए थे।
उपाध्यक्ष बने निर्दलीय दीपांशु शौकीन
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत दर्ज की। मतगणना के शुरुआती दौर से ही शौकीन ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बना ली थी और आगे के राउंड में यह अंतर बढ़ता गया। अंतिम परिणाम में उनकी जीत ने चार केंद्रीय पदों पर ABVP के पूर्ण कब्जे को रोक दिया। दीपांशु शौकीन NSUI से जुड़े रहे थे और टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने छात्र आवास और हॉस्टल जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था।
सचिव पद पर रिया छावड़ी की जीत
सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी ने जीत दर्ज की। मतगणना के दौरान उन्होंने लगातार बढ़त बनाए रखी। शुरुआती राउंड से ही इस पद पर ABVP मजबूत स्थिति में दिखाई दी और अंतिम परिणाम भी उसके पक्ष में रहा। संयुक्त सचिव पद पर मुकाबला ज्यादा उतार-चढ़ाव वाला रहा। कई चरणों में ABVP, NSUI और समाजवादी छात्र सभा से जुड़े उम्मीदवार के बीच अंतर कम रहा। 16वें राउंड में NSUI के गोपाल चौधरी आगे थे, लेकिन अंतिम परिणाम में ABVP के लक्ष्य राज सिंह ने संयुक्त सचिव का पद जीत लिया।
चारों प्रमुख पदों के विजेता
DUSU अध्यक्ष पद पर यश डबास (ABVP), उपाध्यक्ष पद पर दीपांशु शौकीन (निर्दलीय), सचिव पद पर रिया छावड़ी (ABVP) और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह (ABVP) विजयी हुए हैं। इस परिणाम के साथ ABVP को चार में से तीन केंद्रीय पद मिले, जबकि NSUI चारों केंद्रीय पदों में जीत दर्ज नहीं कर सकी। DUSU चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार को हुआ था। दिल्ली विश्वविद्यालय के 52 केंद्रों पर वोट डाले गए और मतदान प्रतिशत 40.46 फीसदी दर्ज किया गया। चुनाव में 1.51 लाख से अधिक विद्यार्थी मतदान के लिए पात्र थे। शनिवार को वोटों की गिनती नॉर्थ कैंपस के स्पोर्ट्स स्टेडियम में की गई। मतगणना के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग के साथ पुलिस बल तैनात रहा।
सुरक्षा के बीच पूरी हुई मतगणना
मतगणना को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश को नियंत्रित किया गया था और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी। नॉर्थ कैंपस की प्रमुख सड़कों और मतगणना स्थल के आसपास पुलिस की मौजूदगी रही। विश्वविद्यालय प्रशासन और दिल्ली पुलिस ने परिणाम घोषित होने तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। मतगणना के दौरान सबसे ज्यादा निगाहें अध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद पर लगी रहीं, जहां अलग-अलग राउंड में बढ़त बदलती रही। उपाध्यक्ष पद पर दीपांशु शौकीन ने अपेक्षाकृत बड़ी बढ़त बनाई, जबकि सचिव पद पर रिया छावड़ी आगे बनी रहीं। अंतिम परिणाम के साथ DUSU के चारों केंद्रीय पदों की तस्वीर साफ हो गई और नई छात्र संघ टीम सामने आ गई।
Next Story





