दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: अश्विनी वैष्णव ने बताया कैसे भारत का AI इकोसिस्टम बना विश्व में मिसाल

Admindelhi1
30 May 2025 3:21 PM IST
New Delhi: अश्विनी वैष्णव ने बताया कैसे भारत का AI इकोसिस्टम बना विश्व में मिसाल
x
"भारत का AI इकोसिस्टम वैश्विक सफलता के शिखर पर है"

नई दिल्ली: केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इकोसिस्टम अब वैश्विक सफलता के शिखर पर है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार के अवसर से स्टार्टअप्स को मदद मिलेगी। स्टार्टअप्स को इमेज एडिटिंग, डीप-टेक, अर्थ ऑब्जर्वेशन से लेकर कन्वर्सेशनल एआई तक अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रवेश करने, वैश्विक गठबंधन बनाने और स्केलेबल प्रभावशाली समाधान बनाने में मदद मिलेगी।

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत, इंडियाएआई मिशन ने 'इंडियाएआई स्टार्टअप्स ग्लोबल इनिशिएटिव' के लिए 10 स्टार्टअप को चुने जाने की घोषणा की है। भारत की एआई क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। 'इंडियाएआई स्टार्टअप्स ग्लोबल इनिशिएटिव' स्टेशन एफ, पेरिस और एचईसी पेरिस के साथ साझेदारी में एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "फरवरी 2024 में एआई एक्शन समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा ने न केवल उच्च-स्तरीय राजनीतिक प्रतिबद्धता का संकेत दिया, बल्कि वैश्विक एआई मानदंडों और इनोवेशन डिप्लोमेसी को आकार देने के लिए भारत की मंशा को भी प्रदर्शित किया।"

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, "भारत का एआई इकोसिस्टम अब वैश्विक सफलता के शिखर पर है। इस तरह की पहलों के माध्यम से, हम अपने सबसे बेहतरीन स्टार्टअप को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रवेश करने, वैश्विक गठबंधन बनाने और स्केलेबल, प्रभावशाली समाधान बनाने में सक्षम बना रहे हैं। स्टेशन एफ और एचईसी पेरिस के साथ इंडियाएआई मिशन की साझेदारी भारत की इनोवेशन डिप्लोमेसी में एक नया अध्याय प्रस्तुत करती है।"

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव और इंडियाएआई मिशन के सीईओ अभिषेक सिंह के अनुसार, 'इंडियाएआई स्टार्टअप्स ग्लोबल इनिशिएटिव' एक कार्यक्रम से कहीं बढ़कर है।

उन्होंने कहा, "यह भारत के टैलेंट और दुनिया के इनोवेशन हब के बीच एक पुल है। ये 10 स्टार्टअप भारतीय एआई की ताकत, विविधता और वैश्विक क्षमता का उदाहरण हैं। ग्लोबल एआई लीडर के रूप में हमें उनकी अगली बड़ी उपलब्धि का समर्थन करने पर गर्व है।"

उन्होंने आगे कहा, "इन 10 स्टार्टअप को एक कठोर बहु-चरणीय चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुना गया है और वे दुनिया के सबसे बड़े स्टार्टअप कैंपस स्टेशन एफ में भारत के गतिशील एआई इनोवेशन इकोसिस्टम का प्रतिनिधित्व करेंगे।"

Next Story