दिल्ली-एनसीआर

NCR Faridabad: शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 18 लाख रुपये की ठगी

Admindelhi1
1 March 2025 3:31 PM IST
NCR Faridabad: शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 18 लाख रुपये की ठगी
x
"पांच लोगों से ठगी"

फरीदाबाद: साइबर ठगों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले पांच लोगों से ठगी की है। दो लोगों से शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर लगभग 18 लाख रुपये ठग लिए गए। वहीं ऋषिकेश में होटल बुकिंग के नाम पर युवती से 66 हजार, तीन लाख का लोन दिलाने का झांसा देकर लगभग 30 हजार रुपये की ठगी एक युवक से की गई। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर एक युवक से 47 हजार रुपये ठग लिए गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सभी मामलों में संबंधित साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहला मामला : सेक्टर-14 एरिया में रहने वाले व्यक्ति एक कंपनी में टेक्सटाइल इंजीनियर के तौर पर कार्यरत हैं। फेसबुक पर एक महिला से इनकी दोस्ती हुई थी। कुछ दिन तक बातचीत के बाद महिला ने कहा कि शेयर बाजार में निवेश पर 30 प्रतिशत का मुनाफा होगा। युवती ने अपने एक परिचित से बात कराई। आरोप है कि इनसे 12 लाख रुपये निवेश करा लिए गए लेकिन न तो मुनाफा मिला और न ही रुपये वापस मिले। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।

दूसरा मामला : सैनिक कॉलोनी में रहने वाली महिला से शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 6.12 लाख रुपये ठग लिए गए। महिला का कहना है कि इंस्टाग्राम पर पोस्ट देखकर संपर्क हुआ था। बाद में इन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर शेयर बाजार ट्रेडिंग के टिप्स देकर निवेश के बहाने ठगी कर ली गई। साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।

तीसरा मामला : सेक्टर-34 एरिया की रहने वाली युवती से ऋषिकेश में होटल बुकिंग के नाम पर 66 हजार रुपये ठग लिए गए। युवती का कहना है कि अपनी सहेलियों के साथ उसे घूमने जाना था। होटल की वेबसाइट सर्च कर वहां से नंबर लिया तो बुकिंग के नाम पर रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। फिर रिफंड के बहाने ई-वॉलेट एप खोलने को कहा गया तो युवती को ठगी का शक हुआ और शिकायत पुलिस को दी। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।

चौथा मामला : सेक्टर-20 एरिया में रहने वाले अमित को तीन लाख का लोन दिलाने का झांसा देकर 30738 रुपये ठग लिए गए। इनका कहना है कि 6 फरवरी 2025 को बाजार में थे तो एक नंबर से कॉल आई। उसने 3.10 लाख का लोन अप्रूव होने की बात कहकर ई-वॉलेट में लोन राशि ट्रांसफर करने की बात कही। लेकिन फिर बहाने से इनसे ही रुपये ट्रांसफर करा लिए। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।

पांचवां मामला : सेक्टर-29 एरिया के रहने वाले संदीप को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 27139 रुपये ठग लिए गए। इनका कहना है कि 31 जनवरी को अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। आरोपी ने खुद को एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड विंग का कर्मचारी बताकर कार्ड की लिमिट बढ़ाने का आॅफर बताया। फिर लिंक भेजकर उस पर डिटेल डालने को कहा। आरोप है कि डिटेल डालते ही कार्ड से रुपये कट गए। मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

Next Story