दिल्ली-एनसीआर

NCR Faridabad: अस्पताल में दवा लेने के लिए मरीज और तीमारदार परेशान

Admindelhi1
1 March 2025 3:34 PM IST
NCR Faridabad: अस्पताल में दवा लेने के लिए मरीज और तीमारदार परेशान
x
"मरीजों और तीमारदारों को ज्यादा देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा"

फरीदाबाद: ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में दवा लेने के लिए मरीज और तीमारदार परेशान होते हैं। उनको काउंटर पर दवा के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ता है। इतनी भीड़ रहने के बाद भी दवा काउंटर के कर्मचारी एक साथ काउंटर बंद करके लंच के लिए चले जाते हैं। इस कारण मरीजों और तीमारदारों को ज्यादा देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।

एनआईटी तीन स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में प्रतिदिन उपचार के लिए चार हजार मरीज पहुंचते हैं। इतनी बड़ी संख्या में मरीजों को दवा देने के लिए अस्पताल में 18 दवा काउंटर बने हैं। उनपर सुबह नौ बजे से शाम को चार बजे तक मरीजों को दवा मिलती है। जहां दवा लेने के लिए मरीज और तीमारदारों की सुबह से शाम तक लंबी लाइनें लगती हैं। उनमें से कई को तीन-तीन घंटे तक लाइन में खड़े रहने के बाद भी दवा नहीं मिलती है। भीड़ होने के बावजूद काउंटर के कर्मचारी एक साथ लंच के लिए चले जाते हैं। इस दौरान करीब एक घंटे तक दवा काउंटर बंद रहता है। मरीज और तीमारदार दवा काउंटर के आगे जमीन पर बैठ कर दोबारा काउंटर खुलने का इंतजार करने लगते हैं।

-अस्पताल में अपनी बहन के साथ दवा लेने के आएं हैं। पिछले दो घंटे से दवा लेने के लिए लाइन में लगे हैं। अब दवा देने वाले कर्मचारी लंच करने चले गए हैं। अब एक घंटे बाद दवा काउंटर खुलेगा। तब दवा मिलेगी। - रवि, निवासी सैदपुर।

-ईएसआईसी में पेट की परेशानी का लंबे समय से उपचार चल रहा है। हर बार दवा काउंटर पर तीन घंटे लगते हैं। कई बार बिना दवा लिए घर जाना पड़ चुका है। फिर अगले दिन दवा के लिए आना पड़ता है। - नशीम, निवासी बल्लभगढ़।

-अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं देने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए कई नए दवा काउंटर खोलें गए हैं। एक दवा काउंटर 24 घंटे खुल रहा है। एक साथ कर्मचारियों के लंच पर जाने पर मरीजों को परेशानी होती है। इसका भी जल्द समाधान किया जाएगा। मरीजों को दिक्कत नहीं होने देंगे। - डॉ. अनिल कुमार पांडेय, डीन ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल

Next Story