- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Ghaziabad में...
Ghaziabad में स्वच्छता नियम तोड़ने पर नगर निगम का एक्शन

Ghaziabad गाजियाबाद : शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए राजनगर क्षेत्र में सड़क पर समारोह के बाद फैली गंदगी के मामले में कार्रवाई की है। नगर निगम की टीम ने मौके का निरीक्षण कर संबंधित आयोजक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और साथ ही उनसे स्वयं सफाई भी कराई।जानकारी के अनुसार, नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग प्रतिदिन शहर के मुख्य मार्गों और आंतरिक गलियों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रहा है। इसी दौरान राजनगर के आरडीसी क्षेत्र में सड़क पर आयोजित एक कार्यक्रम के बाद भारी मात्रा में कूड़ा और गंदगी फैली हुई पाई गई। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कार्रवाई शुरू की।
कविनगर जोन के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक हिमांशु ने मौके पर पहुंचकर आयोजक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके बाद नगर निगम के सफाई मित्रों की मदद से आयोजन स्थल की सफाई कराई गई और आयोजक से भी सफाई कार्य में सहयोग लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने की हिदायत दी।नगर निगम की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस तरह की सख्ती से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि शहर की स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि नगर निगम लगातार सफाई अभियान चला रहा है, लेकिन यदि किसी भी आयोजन के बाद सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी छोड़ी जाती है तो संबंधित आयोजक को उसकी जिम्मेदारी उठानी होगी।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी सामाजिक, धार्मिक या निजी कार्यक्रम के बाद स्थल की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित करें, ताकि शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके। नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





