- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Central Government की...
Central Government की बड़ी सौगात, दिल्ली में बनेगी अत्याधुनिक टनल परियोजना

New Delhi नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में यातायात दबाव कम करने और करोड़ों वाहन चालकों को जाम से राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने द्वारका एक्सप्रेसवे (NH-248BB) को दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज स्थित नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ने वाले प्रस्तावित NH-148AE पर 6-लेन अत्याधुनिक सड़क सुरंग निर्माण को स्वीकृति दी है।
यह परियोजना हाइब्रिड वार्षिकी मोड (HAM) पर विकसित की जाएगी। 8.1 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की अनुमानित लागत ₹6,969.67 करोड़ है। इस कॉरिडोर के बनने से दिल्ली के भीतर यात्रा समय में बड़ी कमी आने की उम्मीद है, साथ ही ईंधन की बचत और प्रदूषण में भी कमी आएगी।इस सुरंग परियोजना से पश्चिम और दक्षिण दिल्ली के बीच सीधा और तेज संपर्क स्थापित होगा। इसके जरिए यूईआर-2 और द्वारका एक्सप्रेसवे सीधे वसंत कुंज से जुड़ जाएंगे। इससे गुरुग्राम, द्वारका, आईजीआई एयरपोर्ट और पश्चिमी दिल्ली से दक्षिण दिल्ली जाने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी।
परियोजना को पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। सुरंग को पूरी तरह भूमिगत रखा जाएगा और यह रंगपुरी रिज क्षेत्र से होकर गुजरेगी। करीब 1.98 किलोमीटर हिस्सा दक्षिणी रिज वन के नीचे से गुजरेगा, जिसे टनल बोरिंग मशीन (TBM) तकनीक से बनाया जाएगा, ताकि सतह पर वन क्षेत्र सुरक्षित रहेयातायात सुधार के लिए नेल्सन मंडेला मार्ग पर 1.8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड, छतरपुर-महिपालपुर फ्लाईओवर का विस्तार और एक विशेष एलिवेटेड यू-टर्न भी बनाया जाएगा। इसके अलावा एम्स से महिपालपुर तक एलिवेटेड कॉरिडोर का प्रस्ताव भी इस नेटवर्क को और मजबूत करेगा।
परियोजना की कुल लंबाई 8.1 किलोमीटर है, जिसमें सुरंग, रैंप, एलिवेटेड और एट-ग्रेड हिस्से शामिल हैं। निर्माण कार्य से रोजगार के बड़े अवसर भी सृजित होंगे। अनुमान है कि इससे लाखों व्यक्ति-दिवस का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।इस परियोजना के पूरा होने पर दिल्ली-एनसीआर में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है और कई प्रमुख क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी काफी आसान हो जाएगी।





