दिल्ली-एनसीआर

SP प्रमुख के जन्मदिन पर हवन-पूजन और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित

Ratna Netam
1 July 2026 6:30 PM IST
SP प्रमुख के जन्मदिन पर हवन-पूजन और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित
x
स्वस्थ जीवन की कामना की।

Noida नोएडा : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन बुधवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने हवन-पूजन, रक्तदान, पौधारोपण और केक काटकर उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। साथ ही बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री भी वितरित की गई।नोएडा विधानसभा इकाई की ओर से सेक्टर-9 स्थित झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विधानसभा अध्यक्ष बबलू चौहान के नेतृत्व में किया गया, जबकि इसकी अध्यक्षता पूर्व महासचिव एवं पार्टी प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केक काटकर एक-दूसरे को खिलाया और बच्चों के बीच भी केक व शिक्षण सामग्री वितरित की गई।

इस मौके पर बबलू चौहान ने कहा कि अखिलेश यादव ऐसे जननेता हैं जिन्हें हर वर्ग विशेषकर युवा वर्ग पसंद करता है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता चाहती है कि वर्ष 2027 में अखिलेश यादव दोबारा मुख्यमंत्री बनें, जिससे उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति मिल सके।इसी कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता के नेतृत्व में सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर सामाजिक संदेश दिया।

वहीं ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी के नेतृत्व में जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। यहां कार्यकर्ताओं ने 54 किलो का केक काटा, फल एवं मिष्ठान वितरण किया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में जन्मदिन समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं में खास जोश दिखाई दिया।

Next Story