दिल्ली-एनसीआर

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट, दिल्ली में अगले तीन दिन बारिश की संभावना

Renuka Sahu
21 July 2022 2:42 AM GMT
Meteorological Department issued yellow alert, possibility of rain in Delhi for the next three days
x

फाइल फोटो 

राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में बुधवार को भारी बारिश हुई। दिल्ली के पालम क्षेत्र में सबसे ज्यादा 92.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में बुधवार को भारी बारिश हुई। दिल्ली के पालम क्षेत्र में सबसे ज्यादा 92.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके चलते दिल्ली के लोगों को उमस भरी गर्मी से खासी राहत मिली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार के दिन भी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार सुबह से ही धूप रही जो दिन चढ़ने के साथ तेज हो गई।

सुबह दस बजे से ही लोगों को गर्मी और उमस सताने लगी। लगभग साढ़े बारह बजे तक ऐसी ही स्थिति रही। लोग पसीना पोंछने पर मजबूर बने रहे। फिर दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में घने काले बादल छाने लगे। इसके साथ ही दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। पिछले कई दिनों से लोग उमस और गर्मी से परेशान थे। लेकिन, पूरी दिल्ली को भिगोने वाली इस बारिश से लोगों को खासी राहत मिली है।
दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो इस सीजन का सामान्य तापमान है। जबकि, न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 100 से 69 फीसदी तक रहा।
दो घंटे के अंदर ही हुई तेज वर्षा
राजधानी दिल्ली में दो घंटे के बीच ही जोरदार बारिश हुई। खासतौर पर दोपहर साढ़े बारह बजे से लेकर ढाई बजे के बीच दिल्ली के तमाम हिस्सों में घने बादल छाए रहे और तेज बारिश हुई। इस दौरान हवा की गति भी 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रही। इस दौरान पालम मौसम केंद्र में 91.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
अच्छी बारिश के लिए तरस रही थी दिल्ली
राजधानी दिल्ली में मानसून के आगमन की आधिकारिक तिथि 27 जून को है। लेकिन, इस बार दिल्ली में मानसून का आगमन तीन दिन की देरी से 30 जून को हुआ। आगमन के साथ ही मानसून ने पूरी दिल्ली को जमकर भिगोया। 30 जून के दिन दिल्ली के दो मौसम केंद्रों में 100 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। लेकिन, इसके बाद से अच्छी वर्षा के लिए दिल्ली तरसती रही। इस दौरान कहीं-कहीं तेज बारिश हुई, पर पूरी दिल्ली को भिगोने वाली बारिश नहीं हुई। लगभग बीस दिनों बाद बुधवार को फिर बादल दिल्ली पर मेहरबान हुए।
तीन दिन हल्की से मध्यम बारिश के आसार
मौसम विभाग का अनुमान है कि राजधानी दिल्ली में अगले तीन दिनों के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गुरुवार के लिए मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। बारिश के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। गुरुवार के दिन अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
हवा साफ-सुथरी
बारिश और मानसूनी हवाओं के चलते दिल्ली के लोगों को साफ-सुथरी हवा का भी तोहफा मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बुधवार के दिन दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 96 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। सफर का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक का यह साफ-सुथरा स्तर बना रहेगा।
कहां कितनी वर्षा
सफदरजंग 52.4
पालम 92.4
लोधी रोड 64
रिज 21 मिमी
आयानगर 46.9
पूसा 32
डीयू 21 मिमी
Next Story