दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली में अवैध निर्माण पर MCD का बड़ा एक्शन, 31 जगह चला बुलडोजर

nidhi
6 Oct 2026 7:39 AM IST
दिल्ली में अवैध निर्माण पर MCD का बड़ा एक्शन, 31 जगह चला बुलडोजर
x
31 निर्माणों पर कार्रवाई और 5 संपत्तियां सील
नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (MCD) ने राजधानी में अवैध निर्माण, खतरनाक इमारतों और बिल्डिंग नियमों के उल्लंघन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। निगम ने एक ही दिन में अपने सभी 12 जोन में 31 डिमोलिशन एक्शन किए। इसके अलावा 5 संपत्तियों को सील किया गया और नियमों के उल्लंघन पर 7 डिमोलिशन ऑर्डर भी जारी किए गए।
MCD की ओर से चलाए जा रहे शहरव्यापी अभियान के तहत अवैध निर्माण के साथ ऐसी इमारतों पर भी कार्रवाई की जा रही है, जिन्हें सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक माना जा रहा है। निगम ने कहा है कि मास्टर प्लान ऑफ दिल्ली और बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन करने वाले निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान जनकपुरी, टैगोर गार्डन एक्सटेंशन, सरस्वती विहार, शालीमार बाग, शक्ति नगर, शकरपुर, घरोली एक्सटेंशन, सीलमपुर और संत नगर समेत कई इलाकों में अवैध निर्माण के हिस्सों को गिराया गया। अलग-अलग जोन की टीमें सुबह से ही कार्रवाई में जुटी रहीं।
MCD अधिकारियों का कहना है कि निगम के अधिकार क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण या स्वीकृत नक्शे से अलग निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फील्ड अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और जहां भी उल्लंघन मिले वहां नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। यह अभियान ऐसे समय चलाया जा रहा है जब दिल्ली में अवैध और असुरक्षित निर्माण को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद MCD ने कई इलाकों में कार्रवाई तेज की थी। सितंबर के दौरान सैकड़ों संपत्तियों पर डिमोलिशन और सीलिंग की कार्रवाई की गई थी।
निगम के मुताबिक कार्रवाई का उद्देश्य केवल अवैध निर्माण हटाना नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। खासतौर पर ऐसी इमारतों को चिह्नित किया जा रहा है जहां संरचनात्मक सुरक्षा, मंजूर नक्शे या बिल्डिंग नियमों को लेकर गंभीर खामियां हैं। MCD ने स्पष्ट किया है कि सभी 12 जोन में निगरानी जारी रहेगी। आने वाले दिनों में भी अवैध निर्माण, खतरनाक इमारतों और नियमों का उल्लंघन करने वाली संपत्तियों के खिलाफ अभियान जारी रहने की संभावना है।
Next Story