- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Major Weather Alert:...
Major Weather Alert: 25 राज्यों में आंधी-बारिश, कई जगह 70 किमी/घंटा तक तूफानी हवाओं की चेतावनी

Major Weather Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न चक्रवाती परिसंचरणों के प्रभाव के चलते देश के 25 राज्यों में 7 मई तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में थंडरस्क्वॉल (तेज आंधी-बारिश) के दौरान हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जबकि कुछ स्थानों पर यह रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम सबसे अधिक प्रभावित रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 7 मई तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। 3 से 5 मई के बीच इन पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 2 से 7 मई तक बारिश के आसार हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में अलग-अलग समय पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। राजस्थान में 1 से 7 मई तक धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।
पूर्वी भारत में मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। बिहार, झारखंड और ओडिशा में 5 से 7 मई तक बारिश का दौर जारी रहेगा। झारखंड और ओडिशा में 1 मई को 70 किमी प्रति घंटा तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। बिहार में 4 मई को तीव्र तूफान का अलर्ट है। ओडिशा में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 1 और 2 मई को भारी बारिश और कुछ स्थानों पर तूफानी हवाएं देखने को मिल सकती हैं।
पूर्वोत्तर भारत में भी भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 1 से 4 मई और फिर 6-7 मई के बीच भारी बारिश की संभावना है। असम और मेघालय में शुरुआती दिनों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 मई तक व्यापक बारिश का अनुमान है।
मध्य और दक्षिण भारत में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 3 और 4 मई को 70 किमी प्रति घंटा तक की तेज आंधी का अलर्ट है। विदर्भ क्षेत्र में भी 3 से 5 मई के बीच मौसम खराब रहने का अनुमान है। दक्षिण भारत के राज्यों में केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और माहे में 4 मई तक भारी बारिश की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 1, 4 और 5 मई को थंडरस्क्वॉल के दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं। तेलंगाना, रायलसीमा और कर्नाटक के कई हिस्सों में भी 5 मई तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। IMD ने लोगों को सतर्क रहने, खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।





