- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- सहारा मामले में बड़ा...
दिल्ली-एनसीआर
सहारा मामले में बड़ा एक्शन, अधिकारियों के खिलाफ FIR
Gulabi Jagat
24 Aug 2026 7:13 AM IST

x
मुकदमा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के प्रवर्तन अधिकारी सुहैल कुमार ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराया है।
लखनऊ: सहारा इंडिया परिवार से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सहारा इंडिया परिवार के चेयरमैन स्वर्गीय सुब्रत रॉय सहारा के भाई जयब्रत रॉय और ओपी श्रीवास्तव समेत छह अधिकारियों के खिलाफ अलीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के प्रवर्तन अधिकारी सुहैल कुमार ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराया है। दरअसल कंपनी के अफसरों-कर्मचारियों ने ईपीएफओ में शिकायत की थी कि निदेशकों और अधिकारियों ने वेतन से पीएफ की रकम काटने के बाद भी खातों में जमा नहीं की।
इंस्पेक्टर अलीगंज ध्रुव कुमार के मुताबिक ईपीएफओ के प्रवर्तन अधिकारी सुहैल खान ने तहरीर देकर बताया कि सहारा इंडिया मास कम्युनिकेशन के कर्मचारी अनुराग मिश्रा, दिनेश श्रीवास्तव और कलानिधि मिश्रा ने इस मामले में शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि कंपनी के निदेशक और अधिकारियों ने वेतन से (पीएफ) की हर महीने कटौती की। पीएफ के रुपये काटने के बाद भी निदेशकों ने कर्मचारियों के खातों में जमा नहीं की। कर्मचारियों ने इससे जुड़े साक्ष्य भी उपलब्ध कराए। कर्मचारियों ने फॉर्म-16, लेजर, वेतन के खाते का बैंक स्टेटमेंट उपलब्ध कराया।
सुब्रत रॉय का नवंबर 2023 में 75 साल की उम्र में निधन हो गया था। उन्हें अपने समूह की कंपनियों से जुड़े कई नियामक और कानूनी मुकदमों का सामना करना पड़ा था, जिन पर 'पोंजी स्कीम' के जरिये नियमों को दरकिनार करने और निवेशकों को ठगने के आरोप लगे थे। हालांकि, सहारा समूह ने हमेशा ही इन आरोपों का खंडन किया।
फिल्म निर्माता हंसल मेहता ने अपनी चर्चित वेब सीरीज शृंखला 'स्कैम' के तीसरे संस्करण 'स्कैम 2010-द सुब्रत रॉय सागा' की शूटिंग शुरू कर दी है, जो सहारा समूह के उभार और पतन पर आधारित है। ओटीटी मंच 'सोनी लिव' ने बुधवार को घोषणा की कि 'स्कैम 2010-द सुब्रत रॉय सागा' में अभिनेता सिद्धार्थ बोडके मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
'बिरला स्टूडियोज' और 'अप्लॉज एंटरटेनमेंट' ने 2024 में 'स्कैम 2010' के निर्माण की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि यह वेब सीरीज सहारा इंडिया समूह के संस्थापक सुब्रत रॉय के शून्य से शिखर तक पहुंचने और फिर कानूनी पचड़ों में फंसकर जेल की सलाखों के पीछे जाने तक के सफर को दर्शाएगी। हंसल मेहता ने कहा, "'स्कैम 2010-द सुब्रत रॉय सागा' महत्वाकांक्षा, प्रभाव और इनके साथ आने वाले अहंकार की कहानी है। यह एक विशाल साम्राज्य के उभार और उस शख्स की बेहद दिलचस्प कहानी बयां करती है, जिसने इस साम्राज्य को अजेय समझने की भूल कर दी।"
Next Story





