दिल्ली-एनसीआर

अदालत और संविधान से तय होगा ज्ञानवापी मुद्दा : जेपी नड्डा

Renuka Sahu
31 May 2022 1:42 AM GMT
Jnanwapi issue will be decided by court and constitution: JP Nadda
x

फाइल फोटो 

भारत के सांस्कृतिक विकास के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, 'अदालत और संविधान इस पर फैसला करेंगे और भाजपा इसका अक्षरश: पालन करेगी।'

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। भारत के सांस्कृतिक विकास के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, 'अदालत और संविधान इस पर फैसला करेंगे और भाजपा इसका अक्षरश: पालन करेगी।' भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, धर्मेद्र प्रधान और अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में कहा कि पार्टी ने हमेशा देश के सांस्कृतिक विकास की बात की है और ऐसे मुद्दों पर संविधान और अदालतों के अनुसार फैसला किया जाता है।

भाजपा अध्यक्ष बोले-पार्टी सबको साथ लेकर चलेगी, सशक्त राष्ट्र निर्माण जारी
नड्डा से पत्रकारों ने पूछा था कि क्या वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद और मथुरा में कृष्ण जन्म भूमि का मुद्दा भाजपा के एजेंडे में है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पालमपुर में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान राम जन्मभूमि मुद्दे पर एक प्रस्ताव पारित किया था। यह पूछे जाने पर कि काशी और मथुरा में मंदिरों को फिर से हासिल करना क्या अब भी भाजपा के एजेंडे में है, नड्डा ने कहा, 'उसके बाद कोई प्रस्ताव पारित नहीं किया गया है।' नड्डा ने स्वीकारा कि उत्तराखंड सरकार ने समान नागरिक संहिता पर एक समिति का गठन किया है, लेकिन यह स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा ने हमेशा सभी के लिए न्याय और किसी का तुष्टिकरण नहीं के सिद्धांत पर काम किया है।
कहा- हमेशा सभी के लिए न्याय, किसी का तुष्टिकरण नहीं के सिद्धांत का पालन
नड्डा ने कहा कि उनकी पार्टी सभी को साथ लेकर चलने के लिए तैयार है और वह एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण के सिद्धांत पर काम करती है। उन्होंने यह बात इन आरोपों को खारिज करते हुए कही कि नरेन्द्र मोदी सरकार में समाज का एक वर्ग अलग-थलग महसूस करता है। नड्डा ने केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के आठ साल पूरे होने पर सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'जब हम राजनीतिक रूप से काम करते हैं, तो हमारा प्रयास होता है कि हम सभी को साथ लेकर चलें। हमें इसके लिए तैयार रहना होगा। हम इसके लिए तैयार हैं।'
उन्होंने कहा कि हमारा आचार-व्यवहार एक मजबूत राष्ट्र, एक राष्ट्र के सिद्धांत पर है। यह स्पष्ट है और सभी का समान हिस्सा होगा। हमारी व्यापक रूपरेखा 'सभी के लिए न्याय और किसी का तुष्टिकरण नहीं' की रही है। यह हमारा मूल सिद्धांत है, हम इसके अनुसार काम कर रहे हैं। नड्डा ने यह भी कहा कि मोदी सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए भाजपा का हर कार्यकर्ता 10 दिनों के दौरान 75 घंटे बिताएगा। उन्होंने आठ साल के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण कार्यक्रम को नमो ऐप पर लांच किया ताकि इसे करोड़ों युवाओं और नागरिकों तक पहुंचाया जा सके।
Next Story