उत्तर प्रदेश

पत्नी की हत्या कर बच्चों संग पति फरार अंतिम संस्कार पर भिड़े दो गांव

nidhi
10 Sept 2026 7:07 AM IST
पत्नी की हत्या कर बच्चों संग पति फरार अंतिम संस्कार पर भिड़े दो गांव
x
पत्नी की बेरहमी से हत्या
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में महिला की बेरहमी से हत्या के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर भी जमकर विवाद हो गया। मामला खंदौली थाना क्षेत्र के पीलीपोखर गांव का है। यहां किरण नाम की महिला की हत्या के मामले में उसके पति विवेक सिकरवार पर गंभीर आरोप लगे हैं। हत्या के बाद आरोपी अपने दोनों बच्चों को लेकर फरार हो गया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव गांव पहुंचा तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। जानकारी के मुताबिक किरण की शादी करीब आठ साल पहले पीलीपोखर निवासी विवेक से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि विवेक उसके साथ मारपीट करता था और उसे परेशान किया जाता था। घटना वाली रात महिला के सिर पर लोहे की पाइप जैसी भारी वस्तु से हमला करने और फिर गला काटकर उसकी हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी दोनों बच्चों को अपने साथ लेकर फरार हो गया।
घर में अंतिम संस्कार की मांग पर अड़े परिजन
बुधवार दोपहर करीब तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद किरण का शव गांव पहुंचा। परिजनों ने मांग की कि जिस घर में उसकी हत्या हुई उसी घर में उसका अंतिम संस्कार किया जाए। पुलिस ने घर के अंदर अंतिम संस्कार कराने से इनकार किया। इससे परिजन नाराज हो गए और शव करीब तीन घंटे तक एंबुलेंस में रखा रहा। इसके बाद पुलिस के समझाने पर शव को आरोपी पति के परिवार से जुड़े प्ले ग्रुप स्कूल परिसर में ले जाया गया। वहां खाली मैदान में अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू हुई। इसकी जानकारी मिलने पर गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक तीखी झड़प हुई। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को संभाला गया और आखिरकार स्कूल परिसर में ही अंतिम संस्कार कराया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोश
मृतका की मां रामवती और भाई ललित ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने फरार पति को जल्द पकड़ने और दोनों बच्चों को सुरक्षित वापस लाने की मांग भी उठाई है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण परिजनों में भारी नाराजगी है। मृतका के भाई की तहरीर पर पति विवेक सिकरवार सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसीपी देवेश कुमार के मुताबिक आरोपियों की तलाश के लिए एसओजी सर्विलांस और थाना पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
Next Story