दिल्ली-एनसीआर

उमस भरी गर्मी कर रही लोगों को परेशान, जानें क्या आज राहत देगी बारिश

Sarita
16 July 2022 8:15 AM IST
Humid heat is bothering people, know whether rain will give relief today
x

फाइल फोटो 

तेज धूप के चलते शुक्रवार के दिन राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। तेज धूप के चलते शुक्रवार के दिन राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा। इसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार के दिन दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में शुक्रवार सुबह से धूप रही जो दिन चढ़ने के साथ तेज होती गई। दिन के समय लोगों को चुभने वाली धूप का सामना करना पड़ा।

हालांकि, बीच-बीच में हल्के बादलों की आवाजाही भी लगी रही। इस दौरान जफरपुर जैसे कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी दर्ज की गई है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस समय का सामान्य तापमान है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 83 से 51 फीसदी रहा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार के दिन भी दिल्ली में हल्के बादलों की आवाजाही लगी रही। जबकि, कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
दिल्ली की हवा साफ-सुथरी
मानसूनी हवाओं के चलते दिल्ली के लोगों को इस समय साफ-सुथरी हवा में सांस लेने का मौका मिल रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शुक्रवार के दिन दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 79 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। सफर का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है।
Next Story