दिल्ली-एनसीआर

Ghaziabad: जल आपूर्ति बंद, विजयनगर सेक्टर-12 के हजारों लोग परेशान

Admindelhi1
25 May 2025 11:01 AM IST
Ghaziabad: जल आपूर्ति बंद, विजयनगर सेक्टर-12 के हजारों लोग परेशान
x
फॉल्ट न मिलने की वजह से आपूर्ति बंद

गाजियाबाद: विजयनगर सेक्टर-12 में पिछले चार दिनों से पानी की आपूर्ति ठप है। जिससे ए और बी ब्लॉक के 10 हजार निवासी परेशान हैं। शनिवार शाम को काफी संख्या में लोगों ने लाइनपार फेडरेशन के अध्यक्ष से शिकायत की। फॉल्ट न मिलने की वजह से आपूर्ति बंद है।

इस संबंध में लाइनपार फेडरेशन के अध्यक्ष आरके आर्य ने बताया कि विजयनगर सेक्टर-12 के ए और बी ब्लॉक में पिछले चार दिनों से एक बूंद भी पानी नहीं आ रहा है। कई बार निगम के जलकर विभाग के क्षेत्र के ट्यूबवेल इंचार्ज से बात की गई लेकिन उन्हें अभी तक फॉल्ट नहीं मिल सका है। जिसकी वजह से पानी की भीषण दिक्कत हो रही है। लोग टैंकरों से पानी खरीद रहे हैं या अपने किसी पड़ोसी के सबमर्सिबल से पानी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम काफी संख्या में लोगों ने रोष प्रकट किया। सुभाष शर्मा और सेवाराम ने बताया कि चार दिन से शिकायत कर रहे हैं और अभी तक कोई समाधान नहीं निकल सका है। लोग भीषण गर्मी में पानी के लिए तरस रहे हैं। कई बार ट्यूबवेल इंचार्ज के पास जाकर शिकायत की, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। इन्हें फॉल्ट ही नहीं मिल पा रहा है।

इस संबंध में ट्यूबवेल के इंचार्ज नरेंद्र सिंह का कहना है कि डी ब्लॉक की मोटर ठीक कराकर आपूर्ति शुरू करा दी गई है। ए और बी ब्लॉक में दिक्कत है। उन्होंने बताया कि एक पाइपलाइन आस्था अस्पताल से होते हुए वाल्मीकि बस्ती से घूमकर डीएवी चौक तक आती है। इस लाइन में आजतक कभी परेशानी नहीं हुई। जो कर्मचारी 30, 35 साल से काम कर रहे हैं, उन्हें भी नहीं पता कि इस पाइपलाइन में पानी कहां से आ रहा है। बहुत ढूंढा लेकिन फॉल्ट नहीं मिल पाया। एक बार दिक्कत हुई थी, लेकिन पानी खुद ही आ गया था। इस बार चार दिन हो गए, फॉल्ट नहीं मिल पाया। फिलहाल हम अंधेरे में तीर छोड़ रहे हैं और लोग आक्रोशित हो रहे हैं। हम कई दिन से लगे हैं, जल्द समस्या का समाधान होगा।

Next Story