दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली में 72 साल में दूसरी बार जनवरी महीने में पड़ रही भीषण ठंड, बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

Renuka Sahu
27 Jan 2022 3:53 AM GMT
दिल्ली में 72 साल में दूसरी बार जनवरी महीने में पड़ रही भीषण ठंड, बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन
x

फाइल फोटो 

राजधानी दिल्ली में 72 वर्षों में दूसरी बार जनवरी महीने में इतनी ज्यादा ठंड पड़ रही है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राजधानी दिल्ली में 72 वर्षों में दूसरी बार जनवरी महीने में इतनी ज्यादा ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 25 जनवरी तक दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस था। इससे पहले वर्ष 2003 के जनवरी महीने में औसत अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस था। इस बीच बुधवार को भी दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में शीत दिवस की स्थिति बनी रही।

मौसम के अलग-अलग कारकों की वजह से दिल्ली के लोग इस बार सामान्य से ज्यादा ठंड का सामना कर रहे हैं। मौसम जनवरी महीने में ही तीन अलग-अलग रिकॉर्ड तोड़ चुका है। इसमें सामान्य से ज्यादा बारिश, सामान्य से कम कोहरा और सामान्य से ज्यादा ठंड के रिकॉर्ड शामिल हैं। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 1951 से लेकर 2022 तक जनवरी महीने में यह दूसरा मौका है, जब इतनी ठंड पड़ी है।
हालांकि, यह आंकड़े 25 जनवरी तक के ही हैं, समग्र आंकड़ों के लिए पूरा महीना बीतने का इंतजार करना होगा। लेकिन 25 जनवरी तक के आंकड़ों के अनुसार 72 वर्षों में दूसरी बार जनवरी महीने में लोग इतनी ठंड लोग झेल रहे हैं। 2015 का जनवरी महीना भी बेहद ठंडा रहा था, उस वर्ष 25 जनवरी तक औसत अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अलावा कोई भी साल ऐसा नहीं रहा, जब औसत अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज किया गया हो।
बर्फीली हवाओं के चलते राजधानी में ठिठुरन
उत्तर भारत को प्रभावित करने वाले पश्चिमी विक्षोभ के चलते हाल के दिनों में मैदानी इलाकों में जहां अच्छी बरसात हुई थी, वहीं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी देखने को मिली थी। अब दिल्ली-एनसीआर की ओर हवा हिमपात वाले इलाकों की दिशा से आ रही है। यह हवा अपने साथ बर्फ की ठंडक भी ला रही है, जिसके चलते मौसम में ठिठुरन और गलन बनी हुई है।
दिल्ली में लगातार दूसरे दिन शीत दिवस की स्थिति
कड़ाके की ठंड के चलते मंगलवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में शीत दिवस या कोल्ड डे की स्थिति रही थी। सफदरजंग केंद्र में मंगलवार को अधिकतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पूरे सीजन में सबसे कम था। बुधवार के दिन दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हल्की धूप निकली। इसके चलते तापमान में थोड़ा इजाफा हुआ है। इसके बावजूद शीत दिवस की स्थिति ज्यादातर हिस्सों में बनी हुई है।
सामान्य से छह डिग्री कम रहा तापमान
दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। आर्द्रता का स्तर 97 से 67 फीसदी के बीच रहा।
गुरुवार को भी पड़ेगी कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार के दिन सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। दिन के समय आसमान आमतौर पर साफ रहेगा। इस बीच हवा की दिशा उत्तर पश्चिमी से रहेगी, जो अपने साथ बर्फीली गलन लेकर आएगी। इसके चलते गुरुवार के दिन दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में शीत दिवस यानी कोल्ड डे की स्थिति रहने का अनुमान है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हवा की गति आठ से 12 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हो सकती है।
कहां कितना रहा अधिकतम तापमान
सफदरजंग 16.4
नरेला 14.7
जाफरपुर 15.3
पालम 15.6
रिज 16.3
मयूर विहार 15.1
Next Story