- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Faridabad: पारदर्शिता...
Faridabad: पारदर्शिता के लिए नालों की सफाई में मौजूद रहेंगे पार्षद और सरपंच

फरीदाबाद: मानसून के दौरान जलभराव न हो इसके लिए अब नालों व ड्रेन की सफाई पार्षदों और सरपंचों की मौजूदगी में होगी। जलभराव को लेकर आज हुई समन्वय बैठक में ये तय किया गया। उपायुक्त विक्रम सिंह ने कहा कि सभी संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करने में लगे हैं कि किसी भी राष्ट्रीय राजमार्ग समेत शहर के बाकी हिस्सों में बरसाती पानी जमा न हो। उपायुक्त विक्रम सिंह ने बृहस्पतिवार को नगर निगम, एफएमडीए, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, पार्षदों और सरपंचों के साथ एक संयुक्त बैठक की अध्यक्षता कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर मेयर प्रवीण जोशी भी उपस्थित रही।
उपायुक्त विक्रम सिंह ने मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बरसात से पहले सभी नालों, ड्रेन एवं सीवरेज की सफाई पूरी कर ली जाए। उन्होंने सभी मुख्य नालों की डी-सिल्टिंग (गाद निकालने) का कार्य की मौजूदा स्थिति का आकलन किया। इसमें अब तक हुए कार्य व टेंडरिंग प्रक्रिया के साथ साथ डिस्पोजल क्षमता बढ़ाने के साथ साथ बैकअप के लिए पावर सप्लाई की हॉट लाइन व जेनसेट संबंधी कार्यों का फीडबैक लिया।
उपायुक्त विक्रम सिंह ने कहा कि शहर में चल रहे नाले एवं ड्रेनों की सफाई कार्य के दौरान संबंधित क्षेत्र के पार्षद अनिवार्य रूप से मौके पर उपस्थित रहें। सफाई के दौरान उपस्थित रहकर पार्षद न केवल कार्य की निगरानी करें, बल्कि यदि कोई समस्या या अव्यवस्था हो तो उसकी जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें। बैठक में एडिशनल नगर निगम कमिश्नर सलोनी शर्मा, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद शिखा, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, नवनिर्वाचित पार्षदगण, सरपंच सहित अन्य कई संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।





