- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Faridabad: विवाहिता को...
Faridabad: विवाहिता को जहर देकर मारने की कोशिश, छह आरोपी पुलिस के रडार पर

फरीदाबाद: पल्ला थाना एरिया में रहने वाली विवाहिता को पति व ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर पड़ोस में रहने वाले उसके ताया ससुर आए और गाड़ी से उसे अस्पताल पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से विवाहिता की जान बच गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पल्ला थाना पुलिस ने ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव अगवानपुर निवासी पायल ने बताया कि उनकी शादी 8 मार्च 2024 को पल्ला निवासी जीतू कुमार से हुई थी। शादी में उनके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार काफी दान दहेज दिया था। उसके बावजूद उनके ससुराल के लोग और रुपये लाने की मांग करते रहते। ससुराल वालों की मांगों को पूरा करने के लिए उनके पिता ने कर्ज भी ले लिया। उसी कर्ज को उतारने करने के लिए उनके पिता नरेंद्र ने अपनी जमीन एक करोड़ रुपये में बेच दी। जिसकी जानकारी उनके ससुराल पक्ष के लोगों को लग गई। जिसके बाद ससुराल पक्ष के लोग उनको मायके से पैसे लाने के लिए तंग कर मारपीट करने लगे। आरोप है कि 15 मई को पति जीतू, ससुर नरेश कुमार, सास पुष्पा, जेठ निशांत, जेठानी अल्का देवर श्रवण कमरे में बैठकर उनको मारने की योजना तैयार कर रहे थे। इस बात की भनक उनको लग गई और वह भागकर ऊपर अपने कमरे में चली गई। आरोपियों ने मिलकर उनको जहरीला पदार्थ पिला दिया।
महिला ने बचने के लिए शोर मचाया तो ताया ससुर ने आकर मदद की और अस्पताल पहुंचाया। अब पायल की हालत बेहतर है। मामले में पल्ला थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।





