- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- सोनिया गांधी की ईडी...
दिल्ली-एनसीआर
सोनिया गांधी की ईडी में पेशी के चलते आज दिल्ली के कई रास्ते रहेंगे बाधित, इन मार्गो पर जाने से बचें
Renuka Sahu
21 July 2022 4:33 AM GMT

x
फाइल फोटो
दिल्ली में जिन लोगों का ऑफिस है या जो लोग दिल्ली के रास्ते अपने ऑफिस के लिए जाते हैं गुरुवार को उन्हें कई जगह पर ट्रैफिक जाम या रूट डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है।
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। दिल्ली में जिन लोगों का ऑफिस है या जो लोग दिल्ली के रास्ते अपने ऑफिस के लिए जाते हैं गुरुवार को उन्हें कई जगह पर ट्रैफिक जाम या रूट डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, आज नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) सोनिया गांधी से पूछताछ करेगा। इसके विरोध में कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। इसी इसके चलते आपको कई रास्तों में परेशानी झेलनी पड़ सकती है। इसलिए पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि पेड़ गिरने के कारण किर्बी प्लेस रेडलाइट से सदर बाजार दिल्ली कैंट की ओर जाने वाले कैरिजवे पर यातायात प्रभावित है। कृपया यहां जाने से बचें। गुरुवार को नौ बजे से दो बजे के बीच मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और मान सिंह रोड पर जाने से बचें। विशेष व्यवस्था के चलते इन सड़कों पर आवागमन नहीं हो पाएगा।
9-2 तक इन रास्तों पर जाने से बचें
इसके अलावा विशेष यातायात व्यवस्था के चलते नई दिल्ली में गोल डाक खाना जंक्शन, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक, पृथ्वीराज रोड से आगे बसों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिज जंक्शन, क्यू-पॉइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आजाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन पर सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक जाने से बचें। विशेष व्यवस्थाओं के चलते इन सड़कों पर भारी ट्रैफिक रहेगा।
देशभर में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ को लेकर कांग्रेस ने देशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया हुआ है। दिल्ली में इसका ज्यादा असर दिखने की संभावना है। लोगों को आवाजाही में परेशानी ना हो इसी वजह से ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। वहीं सुरक्षा कारणों से कांग्रेस अध्यक्ष के सरकारी आवास, कांग्रेस मुख्यालय, ईडी के हेडक्वॉर्टर और संसद भवन के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके अलावा संसद सत्र चलने से वीवीआईपी मूवमेंट बढ़ गया है।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तय समय पर ईडी मुख्यालय जाएंगी। पार्टी अध्यक्ष को ईडी मुख्यालय तक छोड़ने के लिए पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी उनके साथ जा सकती हैं। इससे पहले ईडी इस मामले में राहुल गांधी से लगातार कई दिन तक 51 घंटे से ज्यादा पूछताछ कर चुकी है।
ईडी ने कांग्रेस अध्यक्ष को जून में पूछताछ के लिए तलब किया था। पर उनकी सेहत ठीक नहीं होने की वजह से उन्होंने जांच एजेंसी से पेश होने के लिए और वक्त मांगा था। ईडी ने उन्हें राहत देते हुए पूछताछ की तिथि बढ़ा दी थी। इसके बाद ईडी ने उन्हें 21 जुलाई को पेश होने के लिए कहा था। इस बीच, पार्टी ने सभी प्रदेश अध्यक्षों और विधायक दलों को दिल्ली में बुलाया है।
Next Story