दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली में अभी नहीं मिलेगी कड़ाके की सर्दी से राहत, छाएगा और घना कोहरा

Renuka Sahu
17 Jan 2022 1:34 AM GMT
दिल्ली में अभी नहीं मिलेगी कड़ाके की सर्दी से राहत, छाएगा और घना कोहरा
x

फाइल फोटो 

राजधानी दिल्ली को सप्ताह भर तक कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राजधानी दिल्ली को सप्ताह भर तक कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं है। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार तक दिन का तापमान 20 डिग्री से नीचे ही रहने की संभावना है। इस दौरान सर्द हवा, कोहरा और बादलों के चलते भारी गलन का अहसास बना रहेगा।

उत्तर-पश्चिमी भारत के एक बड़े हिस्से में बनी कोहरे की चादर के चलते दिल्ली-एनसीआर के लोग बीते तीन दिनों से भीषण सर्दियों का सामना कर रहे हैं। वातावरण में छाई कोहरे की मोटी परत और हल्के बादलों (लो क्लाउड) के चलते शुक्रवार और शनिवार को दिन भर धूप के दर्शन नहीं हुए थे। इसके चलते शुक्रवार और शनिवार को शीत दिवस या कोल्ड डे की स्थिति बनी रही थी। लेकिन, रविवार के दिन हवा की गति में इजाफा होने के चलते शनिवार की तुलना में थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, दिल्ली के कई इलाकों में शीत दिवस की स्थिति बनी रही। रविवार को दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम है। हालांकि, शनिवार से इसकी तुलना करें तो लगभग ढाई डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है शनिवार को अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
सामान्य से सात डिग्री नीचे नरेला का तापमानः
राजधानी दिल्ली का नरेला क्षेत्र रविवार के दिन सबसे ज्यादा ठंडा रहा। यहां का अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से सात डिग्री कम है। जबकि, जाफरपुर का अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह भी सामान्य से सात डिग्री कम है। इन दोनों ही जगहों पर शीत दिवस की स्थिति रही। इसके अलावा, पालम और रिज मौसम केन्द्र में भी शीत दिवस की स्थिति रही।
बर्फीली हवा और कोहरे से बनी रहेगी ठंडः
राजधानी दिल्ली में बर्फीली हवाओँ और कोहरे के चलते अभी सप्ताह भर तक कड़ाके की ठंड बने रहने के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार के दिन भी दिल्ली के कुछ हिस्सों में शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। जबकि, इसके बाद भी कोहरे और बर्फीली हवा के चलते अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री के आसपास बना रहेगा। जबकि, रविवार के दिन अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Next Story