- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Delhi : इबोला के बढ़ते...
Delhi : इबोला के बढ़ते खतरे पर भारत ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

Delhi दिल्ली: अफ्रीका के कई देशों में जानलेवा इबोला वायरस के तेजी से फैलने को देखते हुए भारत सरकार ने भारतीय नागरिकों के लिए सख्त ट्रैवल गाइडलाइन जारी की है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने नागरिकों को विशेष रूप से डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC), युगांडा और दक्षिण सूडान की यात्रा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
सरकारी सलाह में कहा गया है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, इन देशों की “गैर-ज़रूरी यात्रा” से बचा जाए। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह कदम विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा इबोला को वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति घोषित किए जाने के बाद एहतियात के तौर पर उठाया है।
जानकारी के अनुसार, अफ्रीका में इबोला के “बुंडीबुग्यो” नामक स्ट्रेन के फैलाव ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। इस स्ट्रेन के लिए अभी तक कोई विशेष और प्रभावी वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने से स्थिति और गंभीर मानी जा रही है।
भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि विदेश से आने वाले यात्रियों की निगरानी को और सख्त कर दिया गया है। इबोला प्रभावित देशों से भारत आने वाले या वहां से होकर गुजरने वाले सभी यात्रियों की अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर थर्मल स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच अनिवार्य कर दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, एयरपोर्ट्स पर मेडिकल टीमों को अलर्ट पर रखा गया है और किसी भी संदिग्ध लक्षण वाले यात्री की तुरंत जांच और आवश्यक आइसोलेशन की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, राज्य स्वास्थ्य विभागों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि इबोला एक अत्यधिक संक्रामक और जानलेवा वायरस है, जो संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से तेजी से फैल सकता है। ऐसे में शुरुआती पहचान और रोकथाम ही सबसे प्रभावी उपाय माना जाता है।
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक यात्रा सलाह का पालन करें और अफ्रीकी देशों की यात्रा से पहले पूरी तरह जोखिम का आकलन करें। साथ ही, किसी भी तरह के बुखार या असामान्य लक्षण दिखने पर तुरंत मेडिकल सहायता लेने की सलाह दी गई है।
फिलहाल भारत में इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन सरकार ने एहतियात के तौर पर निगरानी और स्क्रीनिंग व्यवस्था को मजबूत कर दिया है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।





