- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्ली: 12 जनवरी से...
दिल्ली-एनसीआर
दिल्ली: 12 जनवरी से बच्चों के लिए इन स्कूलों में क्लीनिक सुविधा, पढ़ें लिस्ट
Sarita
6 Jan 2022 8:11 AM IST

x
फाइल फोटो
दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र अब पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र अब पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। दिल्ली के अलग-अलग 20 स्कूलों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर हेल्थ क्लीनिक स्थापित कर दिए गए हैं। जिसमें से दस क्लीनिक का संचालन 12 जनवरी से शुरू हो जाएगा। जबकि बाकि क्लीनिक में 17 जनवरी से सुविधा शुरू होगी।
इस संबंध में शिक्षा निदेशालय की ओर से परिपत्र जारी किया गया है। आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक सेल निदेशालय के सहयोग से इनका प्रबंधन करेगी। छात्रों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की सुविधा के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग ने मिलकर छात्रों के लिए यह कदम उठाया है।
कोविड के चलते छात्रों का एक-दूसरे से मिलना-जुलना काफी कम हो गया है। मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर इन्हें तैयार किया गया है। हर क्लीनिक में एक मनौवैज्ञानिक, एक नर्स, क्लीनिक सहायक, एक मल्टी टास्क कर्मी और पांच क्लीनिक पर एक डॉक्टर होगा। स्वास्थ्य जांच के साथ मानसिक स्वास्थ्य को लेकर काउंसलिंग की जाएगी।
मनोवैज्ञानिक दिन में चार बार सामूहिक चर्चा करेंगे। नियमित तौर पर ऑनलाइन मोड में यह चर्चा होगी। जिसमें स्कूल शिक्षक छात्रों की मदद करेंगे। हेल्थ क्लीनिक में नौवीं से लेकर 12 वीं कक्षा के छात्र अपने अभिभावकों के साथ स्वास्थ्य जांच के लिए आ सकेंगे। अभिभावकों की लिखित सहमति भी ली जाएगी। एक दिन में 30 छात्रों की जांच होगी।
क्लीनिक में हर एक घंटे में छह छात्रों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। इस संबंध में स्कूल प्रमुख भी कार्यक्रम तैयार करेंगे। नोडल शिक्षक हेल्थ क्लीनिक का प्रभार संभालेंगे। रोजाना होने वाली स्वास्थ्य जांच की निगरानी करेंगे। क्लीनिक में कोविड प्रोटोकॉल के सख्ती से पालन के निर्देश दिए गए है।
12 जनवरी से इन स्कूलों में क्लीनिक सुविधा
हेल्थ क्लीनिक की सुविधा 12 जनवरी से प्रताप नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय, पदम नगर के सर्वोदय कन्या विद्यालय, तुलसी नगर में राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, किशनगंज के राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, राज निवास मार्ग पर राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, यमुना विहार के राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, तिमारपुर के सर्वोदय बाल विद्यालय, कालकाजी के राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नूर नगर का सर्वोदय कन्या विद्यालय और लक्ष्मबाई नगर के राजकीय सह-शिक्षा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हेल्थ क्लीनिक की सुविधा शुरू होने जा रही है।
Next Story





