- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- साढ़े तीन साल के मासूम...
साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे से क्रूरता, स्कूल स्टाफ पर यौन उत्पीड़न का केस

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद थाना क्षेत्र स्थित एक प्ले वे स्कूल में साढ़े तीन साल के बच्चे के साथ कथित तौर पर मारपीट और यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्कूल की निदेशिका, प्रधानाचार्या, शिक्षिका और आया के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का आरोप है कि बच्चे के साथ स्कूल में लगातार प्रताड़ना की जा रही थी। बच्चे की तबीयत और व्यवहार में बदलाव आने के बाद परिवार को शक हुआ। चिकित्सकीय जांच कराने और बाद में स्कूल का सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
रात में सो नहीं पा रहा था मासूम
बच्चे के पिता के मुताबिक उनका बेटा जाफराबाद इलाके के एक प्ले वे स्कूल में पढ़ता है। पिछले कुछ दिनों से बच्चे के व्यवहार में अचानक बदलाव दिखाई देने लगा था। वह रात में ठीक से सो नहीं पा रहा था और टॉयलेट जाने से भी डरने लगा था।
बच्चे की परेशानी बढ़ने पर परिजन उसे डॉक्टर के पास लेकर गए। पिता के मुताबिक जांच में बच्चे के दोनों कानों के पर्दों में काफी सूजन पाई गई। चिकित्सक ने चोट या मारपीट की आशंका जताई। इसके बाद परिवार को संदेह हुआ कि बच्चे के साथ स्कूल में कुछ गलत हुआ है।
CCTV फुटेज में मारपीट दिखने का दावा
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की। पिता का आरोप है कि शुरुआत में स्कूल प्रबंधन ने कैमरे खराब होने समेत कई कारण बताकर फुटेज दिखाने में आनाकानी की।
परिवार का आरोप है कि बाद में उनसे 1500 रुपये लिए गए और इसके बाद फुटेज दिखाई गई। परिजनों का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज देखने पर बच्चे के साथ कथित मारपीट की घटनाएं सामने आईं।
पिता के मुताबिक फुटेज में बच्चे को कान पकड़कर पीटते हुए देखा गया। उन्होंने बच्चे को काफी देर तक कुर्सी से बांधकर रखने और कथित तौर पर लात मारकर कुर्सी से गिराने का भी आरोप लगाया है। परिवार ने बच्चे को खाना नहीं दिए जाने का आरोप भी लगाया है।
आया पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप
मामले में सबसे गंभीर आरोप स्कूल की आया को लेकर लगाया गया है। परिजनों का दावा है कि एक अन्य सीसीटीवी फुटेज में आया बच्चे के निजी अंगों के साथ कथित तौर पर अनुचित हरकत करती दिखाई दी।
परिवार का कहना है कि इसी कथित घटना के बाद बच्चा टॉयलेट जाने से घबराने लगा था। हालांकि इन सभी आरोपों की सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
स्कूल प्रबंधन के व्यवहार पर भी सवाल
शिकायतकर्ता ने स्कूल की निदेशिका के व्यवहार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का दावा है कि जब उन्होंने बच्चे के साथ कथित प्रताड़ना का मुद्दा उठाया तो उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया।
इसके बाद परिवार ने पुलिस के पास जाने का फैसला किया और शुक्रवार को जाफराबाद थाना पुलिस को शिकायत दी।
POCSO समेत कई धाराओं में केस
मामले की गंभीरता को देखते हुए जाफराबाद थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्कूल की निदेशिका, प्रधानाचार्या, शिक्षिका और आया के खिलाफ POCSO एक्ट, जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब स्कूल के सीसीटीवी फुटेज, बच्चे की चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। संबंधित लोगों के बयान भी जांच का हिस्सा होंगे। फिलहाल आरोपों की पुलिस जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम तथा संबंधित लोगों की भूमिका की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।





