दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली में जमकर बरसे बादल, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम का हाल

Renuka Sahu
17 July 2022 2:10 AM GMT
Clouds rained heavily in Delhi, know how the weather will be today
x

फाइल फोटो 

राजधानी दिल्ली को करीब एक पखवाड़े बाद शनिवार के दिन मॉनसूनी बादलों ने जमकर भिगोया।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राजधानी दिल्ली को करीब एक पखवाड़े बाद शनिवार के दिन मॉनसूनी बादलों ने जमकर भिगोया। ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इसके चलते अधिकतम तापमान में भी लगभग दो डिग्री की गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को भी हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार सुबह से ही धूप रही जो दिन चढ़ने के साथ और तेज हो गई।

सुबह दस-ग्यारह बजे के लगभग मौसम में खासी उमस और गर्मी बनी हुई थी। लेकिन, ग्यारह बजे के बाद से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में घने काले बादल छा गए और विभिन्न इलाकों को अच्छी बारिश हुई। इसके चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
सफदरजंग मौसम केंद्र में दिन का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। लेकिन, अगर इसकी तुलना शुक्रवार के तापमान से करें तो कल की तुलना में अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह भी सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 100 से 68 फीसदी तक रहा।
30 जून के बाद हुई बड़े इलाके में बारिश
सोलह दिन पहले 30 जून के दिन पूरी दिल्ली को भिगोने वाली अच्छी बारिश हुई थी। उस दिन दिल्ली के दो मौसम केन्द्रों में 100-100 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। लेकिन, इसके बाद से ही दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में छिटपुट बारिश ही होती रही। बीच-बीच में एक-दो जगहों पर भारी बारिश तो हुई लेकिन पूरी दिल्ली को भिगोने वाली बारिश नहीं हुई। शनिवार को दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है।
मॉनसून रेखा के शिफ्ट होने से हुई वर्षा
मौसम निगरानी संस्था स्काईमेट के विज्ञानी महेश पालावत ने बताया कि मॉनसून रेखा अब उत्तर की तरफ खिसक रही है। इस क्रम में यह रेखा दिल्ली के पास से गुजर रही है। इसी के चलते अच्छी बारिश देखने को मिली है। लेकिन, अनुमान है कि यह रेखा अब पहाड़ों के पास शिफ्ट होगी, जिसके चलते बारिश की ज्यादा गतिविधियां पहाड़ों पर होंगी। दिल्ली में 20 से 21 तारीख के बाद दोबारा अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
कहां कितनी वर्षा
सफदरजंग 19.6
पालम 8.7
लोधी रोड 18.4
रिज 25.3
आयानगर 15.8
डीयू 24.5
पीतमपुरा 21.5
पूसा 7.0
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 7.5
मयूर विहार 20.5
(स्रोत : मौसम विभाग, आंकड़े मिलीमीटर में)

Next Story