दिल्ली-एनसीआर

Paper लीक मामले पर CJP आक्रामक, देशव्यापी छात्र प्रदर्शन का किया आह्वान

Ratna Netam
23 July 2026 5:48 PM IST
Paper  लीक मामले पर CJP आक्रामक, देशव्यापी छात्र प्रदर्शन का किया आह्वान
x

नई दिल्ली : नीट-यूजी पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा छात्र आंदोलन अब देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने गुरुवार को ऐलान किया कि शुक्रवार यानी 24 जुलाई को देशभर के सभी जिलों में छात्र शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। सीजेपी ने छात्रों से अपील की है कि वे अपने-अपने जिलों में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन में भाग लें और अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाएं।

सीजेपी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्टर जारी किया गया है, जिसमें छात्रों से 24 जुलाई को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की गई है। संगठन का कहना है कि नीट पेपर लीक जैसे मामलों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है और अब इस मुद्दे पर व्यापक स्तर पर आवाज उठाने की जरूरत है।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले महीने से छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सीजेपी लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है।

देशभर में प्रदर्शन को लेकर सीजेपी ने छात्रों के लिए कुछ दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। संगठन ने सबसे पहले स्थानीय प्रशासन से अनुमति लेने की अपील की है। छात्रों से कहा गया है कि वे अपने क्षेत्र की पुलिस को लिखित आवेदन देकर प्रदर्शन की अनुमति लें और अप्रूवल लेटर अपने पास रखें। इसके साथ ही प्रदर्शन का समय, स्थान और अन्य जरूरी जानकारियों को पहले से तय करने की सलाह दी गई है।

सीजेपी ने छात्रों से पोस्टर और बैनर तैयार करने के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक आंदोलन की जानकारी पहुंचाने की अपील की है। संगठन ने कहा है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाए। इसके अलावा मार्च से जुड़े मामलों में जरूरत पड़ने पर कानूनी सलाह लेने की बात भी कही गई है।

इससे पहले सीजेपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी थी, जिसमें उन्होंने पेपर लीक मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही थी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा था कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए त्वरित अदालतों की व्यवस्था की जाएगी।

प्रधानमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सीजेपी ने कहा कि सरकार की ओर से कार्रवाई की बात तो कही गई है, लेकिन जवाबदेही तय करने के मुद्दे पर स्पष्टता नहीं है। संगठन ने एक बार फिर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई।

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी इस मुद्दे पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने शिक्षा मंत्री की तस्वीर साझा करते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। वहीं, सीजेपी ने अपने पोस्ट में लिखा कि धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।

नीट पेपर लीक का मामला पिछले कुछ समय से देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। विपक्षी दलों के साथ-साथ छात्र संगठन भी इस मुद्दे पर सरकार को घेर रहे हैं। संसद में भी इस मामले को लेकर लगातार हंगामा देखने को मिल रहा है। अब सीजेपी के देशव्यापी प्रदर्शन के आह्वान के बाद छात्र आंदोलन और तेज होने की संभावना है।

Next Story