- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- सीजेआई दिखाएंगे मोबाइल...
सीजेआई दिखाएंगे मोबाइल ई सेवा वैन को हरी झंडी दूरदराज में मिलेगी कानूनी मदद

नई दिल्ली: देश के दूर-दराज और सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक न्याय और कानूनी सहायता पहुंचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से एक नई पहल शुरू की जा रही है। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत शुक्रवार को 26 मोबाइल ई-सेवा वैन को हरी झंडी दिखाएंगे। इन वैन के जरिए लोगों को ई-कोर्ट सेवाएं, कानूनी सहायता और विवाद समाधान से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पहल सुप्रीम कोर्ट की ई-कमेटी, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और न्याय विभाग के सहयोग से शुरू की जा रही है। इसका उद्देश्य उन इलाकों तक न्याय व्यवस्था की पहुंच बढ़ाना है, जहां लोगों को अदालतों और कानूनी सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मोबाइल ई-सेवा वैन को एक चलते-फिरते डिजिटल कानूनी सहायता केंद्र के रूप में तैयार किया गया है। इसमें नागरिकों को ई-फाइलिंग, ई-पेमेंट, ऑनलाइन न्यायिक सेवाओं और कानूनी सलाह जैसी सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा छोटे विवादों के समाधान और लोक अदालत से जुड़ी सेवाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।





