- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- सेना भर्ती में युवाओं...
उत्तर प्रदेश
सेना भर्ती में युवाओं का दमदार प्रदर्शन अग्निवीर के लिए 834 अभ्यर्थी चयनित
nidhi
4 Sept 2026 7:35 AM IST

x
अग्निवीर भर्ती में जोश हाई चार जिलों के 834 युवा हुए सफल
सहारनपुर: भारतीय सेना में शामिल होने का सपना लेकर मैदान में उतरे युवाओं ने अग्निवीर भर्ती रैली में अपना दमखम दिखाया। सहारनपुर में चल रही अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के दौरान मेरठ, बिजनौर, हापुड़ और बुलंदशहर के अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया। कुल 834 अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया के अहम चरण को सफलतापूर्वक पार किया।
अग्निवीर तकनीकी पदों के लिए आयोजित भर्ती में चारों जिलों से 1,175 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इनमें से 1,052 युवा भर्ती स्थल पर पहुंचे और निर्धारित मानकों के अनुसार दौड़ व अन्य शारीरिक परीक्षणों में हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 834 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। भर्ती प्रक्रिया के दौरान सुबह से ही सहारनपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में युवाओं की भीड़ जुटने लगी थी। सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने के जज्बे के साथ युवाओं ने पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ दौड़ लगाई।
अभ्यर्थियों को दौड़ के अलावा बीम, बैलेंसिंग, पुशअप और अन्य शारीरिक दक्षता मानकों पर भी परखा गया। सफल उम्मीदवारों की शारीरिक दक्षता परीक्षा के बाद मेडिकल जांच की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई। भर्ती अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई गई। दस्तावेजों की जांच से लेकर शारीरिक परीक्षण तक हर चरण में पारदर्शिता बरती गई। सफल अभ्यर्थियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया।
सेना भर्ती प्रक्रिया में शामिल युवाओं का कहना है कि अग्निवीर बनना उनके लिए सिर्फ नौकरी नहीं बल्कि देश सेवा का अवसर है। इसके लिए उन्होंने लंबे समय से तैयारी की थी और मैदान में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास किया। गौरतलब है कि सहारनपुर में 13 जिलों के लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार युवाओं की शारीरिक और मेडिकल परीक्षा कराई जा रही है।
Next Story





