दिल्ली-एनसीआर

125 साल बाद सबसे गर्म रहा अगस्त, सितंबर में कैसी रहेगी बारिश IMD ने किया अपडेट

Gulabi Jagat
1 Sept 2026 7:44 AM IST
125 साल बाद सबसे गर्म रहा अगस्त, सितंबर में कैसी रहेगी बारिश IMD ने किया अपडेट
x

125 साल बाद सबसे गर्म रहा अगस्त, सितंबर में कैसी रहेगी बारिश IMD ने किया अपडेट

मानसून में अब तक 13.8 फीसदी कम बारिश

नई दिल्ली: देश में इस साल मानसून की रफ्तार कमजोर रही है। मानसून के शुरुआती तीन महीनों में सामान्य से करीब 14 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सितंबर महीने के लिए भी बारिश का अनुमान जारी किया है। विभाग के मुताबिक सितंबर में सामान्य से 91 फीसदी बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि सितंबर में देश के कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। हालांकि उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, पूर्व, पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्व भारत के कुछ इलाकों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार सितंबर में देश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। इससे गर्मी का असर जारी रह सकता है। सितंबर महीने में सामान्य बारिश का आंकड़ा 167.9 मिलीमीटर है, जबकि इस बार इसके आसपास या इससे कम बारिश होने की संभावना है।

मानसून में अब तक 13.8 फीसदी कम बारिश

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार मानसून के तीन महीनों में अब तक देश में सामान्य से 13.8 फीसदी कम बारिश हुई है। सामान्य तौर पर इस अवधि में 556.2 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक सिर्फ 421.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

क्षेत्रवार देखें तो दक्षिण भारत में बारिश की कमी सबसे ज्यादा 24.2 फीसदी रही है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में 25.7 फीसदी, उत्तर-पश्चिम भारत में 10.7 फीसदी और मध्य भारत में 3.8 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।

47 फीसदी जिलों में बारिश की कमी

मौसम विभाग के मुताबिक देश के 741 जिलों के बारिश आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है। इनमें 312 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि 38 जिलों में बेहद कम बारिश हुई है। वहीं 290 जिलों में सामान्य बारिश, 80 जिलों में सामान्य से अधिक और 14 जिलों में अत्यधिक बारिश दर्ज की गई है।

अगस्त में 16 फीसदी कम बरसे बादल

अगस्त महीने में भी मानसून कमजोर रहा। देशभर में अगस्त में सामान्य से 16.3 फीसदी कम बारिश हुई। आईएमडी के मुताबिक अगस्त में सामान्य बारिश 190.7 मिलीमीटर होती है, लेकिन इस बार केवल 139.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। क्षेत्रों की बात करें तो दक्षिण भारत में बारिश की कमी 27.1 फीसदी रही। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत में 16.9 फीसदी, मध्य भारत में 16.2 फीसदी और उत्तर-पश्चिम भारत में 9.5 फीसदी कम बारिश हुई।

1901 के बाद सबसे गर्म रहा अगस्त

कम बारिश के साथ अगस्त महीने ने गर्मी का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया। आईएमडी के अनुसार अगस्त का औसत तापमान 28.01 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.67 डिग्री अधिक है। वर्ष 1901 के बाद यह अगस्त महीने का सबसे अधिक तापमान है।

वहीं न्यूनतम औसत तापमान भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। अगस्त में न्यूनतम औसत तापमान 24.36 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.68 डिग्री ज्यादा है। अधिकतम तापमान में भी 0.65 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सितंबर में भी गर्मी का असर बना रह सकता है और कई इलाकों में बारिश की कमी किसानों और आम लोगों के लिए चिंता का कारण बन सकती है।


देखें सेटेलाइट तस्वीर, समय - 7:46 AM




Next Story