- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- आर्यन मान बने दिल्ली...
दिल्ली-एनसीआर
आर्यन मान बने दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ के प्रेसिडेंट, बहादुरगढ़ में भी खुशी की लहर
SHIDDHANT
19 Sept 2025 8:20 PM IST

x
DELHI दिल्ली। यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में इस बार हरियाणा के बेटे आर्यन मान ने प्रेसिडेंट पद पर शानदार जीत दर्ज की है। एबीवीपी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ते हुए उन्होंने एनएसयूआई की प्रत्याशी जोशलीन को भारी मतों के अंतर से पराजित किया। आर्यन की इस जीत ने न केवल दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों में उत्साह भर दिया है, बल्कि उनके गृहनगर बहादुरगढ़ में भी जश्न का माहौल है। आर्यन मान हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ के रहने वाले हैं, और उनकी जीत के बाद बहादुरगढ़ की गलियों में ढोल-नगाड़ों की थाप गूंज उठी। लोगों ने लाल चौक पर पटाखे जलाए और मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आर्यन मान दिल्ली यूनिवर्सिटी में हरियाणा के छात्रों की आवाज बुलंद करेंगे। उनको उम्मीद है कि आर्यन छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं को हल करने, कैरियर अवसर बढ़ाने और छात्र-हित से जुड़े मुद्दों को उठाने में अहम भूमिका निभाएंगे। बहादुरगढ़ नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष रवि खत्री भी जश्न में शामिल हुए और उन्होंने आर्यन की जीत पर नृत्य कर खुशी का इजहार किया।
आर्यन मान की शैक्षणिक यात्रा भी बेहद प्रेरणादायक रही है। उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और फिलहाल दिल्ली यूनिवर्सिटी से ही लाइब्रेरी साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे हैं। उनकी मेहनत और नेतृत्व क्षमता ने छात्रों का विश्वास जीता है। दिल्ली यूनिवर्सिटी में हरियाणा के छात्रों की संख्या काफी अधिक है और खासकर बहादुरगढ़ से हजारों छात्र यहां शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। यही कारण है कि छात्र संघ चुनावों में हरियाणा के छात्र निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
आर्यन मान को न केवल बहादुरगढ़ और हरियाणा के छात्रों का समर्थन मिला, बल्कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और अन्य राज्यों के छात्रों ने भी उन्हें भरपूर समर्थन दिया। यही व्यापक समर्थन उनकी जीत की बड़ी वजह बना। इस बार के चुनाव परिणाम में एबीवीपी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी मजबूती साबित की, जबकि एनएसयूआई को केवल एक सीट पर संतोष करना पड़ा। जीत के बाद एबीवीपी के तीनों विजयी प्रत्याशी पारंपरिक तरीके से जुलूस निकालते हुए दिल्ली यूनिवर्सिटी के आर्ट फैकल्टी पहुंचे। वहां उन्होंने विवेकानंद मूर्ति पर माल्यार्पण कर अपनी जीत को छात्रों को समर्पित किया और छात्रों के बीच जीत का जश्न मनाया।
Tagsआर्यन मानDU छात्र संघएबीवीपीबहादुरगढ़जीतजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





