दिल्ली-एनसीआर

समयपुर-बादली से रोहिणी तक आज चलेगा अतिक्रमण विरोधी अभियान

Renuka Sahu
13 May 2022 12:59 AM GMT
Anti-encroachment campaign will run from Samaypur-Badli to Rohini today
x

फाइल फोटो 

समयपुर-बादली से रोहिणी तक और नरेला से लेकर बवाना तक शुक्रवार को उत्तरी दिल्ली नगर निगम का बुलडोजर दौड़ेगा।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। समयपुर-बादली से रोहिणी तक और नरेला से लेकर बवाना तक शुक्रवार को उत्तरी दिल्ली नगर निगम का बुलडोजर दौड़ेगा। इधर, पटेल नगर के नजदीक प्रेम नगर गली नंबर छह में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई होगी।

उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने बृहस्पतिवार को ही आधिकारिक तौर पर इसकी सूचना दी है। निगम के मुताबिक, सुबह 11 बजे प्रेम नगर की गली नंबर छह में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने की योजना बनाई गई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए दिल्ली पुलिस से फोर्स मांगी गई है। इसी प्रकार से बवाना में बड़े स्तर पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने की योजना बनाई है। यहां भारी पुलिस बल के साथ सुबह 10 बजे से ही कार्रवाई होनी सुनिश्चित है। यहां पर संभव है कि कई निर्माण कार्यों पर निगम का बुलडोजर चलाया जाएगा।
समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन से सेक्टर 18 मेट्रो स्टेशन के बीच भी निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाना तय है। इसके लिए भी निगम ने दिल्ली पुलिस से फोर्स मांगी है। इसी तरह से दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के चारों जोन में शुक्रवार को भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पूर्वी निगम भी अपने दोनों जोन में अलग-अलग जगहों पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाएगा।
अभियान पर आप हमलावर
आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि अनधिकृत निर्माण साफ करने के नाम पर भाजपा पूरी दिल्ली तबाह करने में लग गई है। भाजपा शासित नगर निगम लगभग 63 लाख लोगों को बेघर करना चाहता है। आधी से ज्यादा दिल्ली में अनधिकृत निर्माण है। इस तरह आधी से ज्यादा दिल्ली तोड़ी जाएगी। उन्होंने मांग की है कि पहले उन नेताओं के मकान तोड़े जाएं, जिन्होंने पैसे लेकर ये अनधिकृत निर्माण करवाए हैं।
भारद्वाज ने बृहस्पतिवार को पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पिछले 15 दिन से नगर निगम व दिल्ली पुलिस मिलकर कई जगह बुलडोजर लेकर उतरी हुई है।
Next Story