दिल्ली-एनसीआर

आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज का आरोप, कहा-भाजपा दिल्ली में होर्डिंग का किराया नहीं दे रही, मुफ्त में प्रचार कर रहा नगर निगम

Sarita
30 Jan 2022 9:05 AM IST
आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज का आरोप, कहा-भाजपा दिल्ली में होर्डिंग का किराया नहीं दे रही, मुफ्त में प्रचार कर रहा नगर निगम
x

फाइल फोटो 

आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने प्रदेश भाजपा पर नगर निगम का राजस्व कम करने का आरोप लगाया है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने प्रदेश भाजपा पर नगर निगम का राजस्व कम करने का आरोप लगाया है। भारद्वाज ने कहा कि भाजपा दिल्ली में मुफ्त होर्डिंग लगा रही है और इसका किराया निगम को नहीं दे रही है।

सौरभ ने कहा कि दिल्ली में एक होर्डिंग की साइट का किराया 1-1.5 लाख रुपये महीना है। इस हिसाब से प्रति वर्ष सभी होर्डिंग का किराया 2680 करोड़ रुपया बनता है, जो निगम को मिलना चाहिए। भारद्वाज ने शनिवार को कहा कि 4 जनवरी को विधानसभा में एक विधायक ने प्रश्न लगाया कि दिल्ली में एक राजनीतिक दल द्वारा गैर-आवंटित साइट्स पर जैसे कि शौचालय, गलियां आदि पर जो अपने विज्ञापन लगाए गए हैं, क्या इसका किराया निगम को दिया जाता है, यदि दिया जाता है तो दिल्ली नगर निगम को कितना किराया मिला।
तीनों निगमों के कमिश्नर ने यह जवाब दिया कि हमें इसकी कोई जानकारी नहीं है। शुक्रवार को साउथ एमसीडी की स्थायी समिति की बैठक में एक प्रस्ताव लाया गया कि दिल्ली विधानसभा को किसी भी प्रश्न का जवाब नहीं दिया जाए।
दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है कि दक्षिण दिल्ली नगर निगम का दिल्ली विधानसभा के प्रश्नों का उत्तर न देने का निर्णय तार्किक है।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने कहा है कि दिल्ली मे जिन होर्डिंग्स साइट पर भाजपा का बैनर लगने पर विधायक सौरभ भारद्वाज उसे अवैध बताते हैं उन्हीं पर जब आम आदमी पार्टी से जुड़े होर्डिंग्स लगते हैं तब पूरी पार्टी आंखें मूंद कर दोहरे आचरण का परिचय देती है।


Next Story