दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने ली करवट, दो दिन बाद चलेगी तेज हवा, फरीदाबाद की वायु 335 एक्यूआई के साथ रही सबसे खराब

Renuka Sahu
17 Feb 2022 1:21 AM GMT
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने ली करवट, दो दिन बाद चलेगी तेज हवा, फरीदाबाद की वायु 335 एक्यूआई के साथ रही सबसे खराब
x

फाइल फोटो 

राजधानी में इन दिनों मौसम करवट लेने के क्रम में है। यही वजह है कि दिन को छोड़कर सिर्फ सुबह-शाम की हल्की सर्दी रह गई है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राजधानी में इन दिनों मौसम करवट लेने के क्रम में है। यही वजह है कि दिन को छोड़कर सिर्फ सुबह-शाम की हल्की सर्दी रह गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले पांच दिनों में अधिकतम पारा 28 और न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले दो दिन बाद तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक अधिक 25.7 व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो कम 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह हल्की धुंध छाई रही, लेकिन जल्दी धूप निकलने की वजह से धुंध छंट गई थी। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर 35 से 95 फीसदी रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में सुबह हल्की धुंध छाए रहने के साथ दिनभर मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। आगामी दो दिन बाद 20 से 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 22 फरवरी तक अधिकतम तापमान 28 व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा।
फरीदाबाद की हवा रही सबसे खराब
मौसमी परिस्थितियों का साथ न देने की वजह से दिल्ली-एनसीआर की हवा खराब बनी हुई है। बीते 24 घंटे में फरीदाबाद की हवा 335 एक्यूआई के साथ सबसे खराब दर्ज की गई है। वायु गुणवत्ता की निगरानी करने वाली एजेंसियों का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिनों तक हवा में सुधार होने की संभावना नहीं है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 272 दर्ज किया गया। वहीं, गाजियाबाद का 287, ग्रेटर नोएडा का 248, गुरुग्राम का 242 और नोएडा का 277 एक्यूआई रहा।
वायु मानक संस्था सफर के मुताबिक, हवा की रफ्तार कम होने की वजह से वायु गुणवत्ता बिगड़ी हुई है। अगले दो दिनों तक हवा की रफ्तार मध्यम होने की वजह से वायु गुणवत्ता में सुधार की संभावना नहीं है। हालांकि, आगामी दो दिनों बाद हवा की रफ्तार बढ़ेगी और वायु गुणवत्ता सुधरेगी। बीते 24 घंटे में हवा में पीएम 10 का स्तर 239 व पीएम 2.5 का स्तर 116 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रिकॉर्ड किया गया।
अधिकतम तापमान- 26 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 8 डिग्री सेल्सियस
-सूर्यास्त का समय: 6:13 बजे
-सूर्योदय का समय: 6:57 बजे
-सुबह हल्की धुंध छाई रहेगी। दिनभर मौसम साफ रहने की संभावना है। हवा की रफ्तार मध्यम रहेगी।
Next Story