COVID-19

COVID-19: एक्टिव केस में भारत दुनिया का 6वां देश, बेल्जियम व रूस में है सबसे ज्यादा मरीज

Nilmani Pal
18 Nov 2020 3:40 PM GMT
COVID-19: एक्टिव केस में भारत दुनिया का 6वां देश, बेल्जियम व रूस में है सबसे ज्यादा मरीज
x
एक्टिव केस का मतलब ऐसे मरीज जिनका इलाज चल रहा है

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। भारत अब दुनिया का 6वां देश है जहां सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। एक्टिव केस का मतलब ऐसे मरीज जिनका इलाज चल रहा है। सबसे अच्छी बात है कि 4 दिन के अंदर इस मामले में भारत चौथे से छठवें नंबर पर आया है। बेल्जियम और रूस में अब भारत से ज्यादा मरीज हैं।

देश में मरीजों की संख्या तेजी से घट रही है। हर दिन औसतन 6 हजार एक्टिव मरीज कम हो रहे। पिछले 2 महीनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो देश में 5.70 लाख से ज्यादा एक्टिव केस कम हुए हैं। 17 सितंबर को 10.17 एक्टिव मरीज थे, जो 17 अक्टूबर को घटकर 7.72 लाख और 17 नवंबर को 4.47 लाख हो गया।


अब तक 89.13 लाख केस

देश में अब तक 89.13 लाख केस आ चुके हैं। इनमें से 83.33 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.31 लाख संक्रमितों की मौत हो गई है। 4 लाख 47 हजार मरीजों का इलाज चल रहा है।


कोरोना अपडेट्स

  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि त्योहारों के दौरान देशभर में लोगों ने काफी लापरवाही बरती है। इसके नतीजे अब देखने को मिलेंगे। मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने कहा कि अभी मरीजों के आंकड़े कम हुए हैं, लेकिन अगले दो हफ्ते काफी अहम हैं। इस दौरान कोरोना के केस घटने की बजाय बढ़ सकते हैं।
  • कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई राज्यों ने सार्वजनिक जगहों पर छठ पूजा करने पर रोक लगा दी है। इनमें दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और महाराष्ट्र शामिल हैं। राज्य सरकारों ने कहा है कि छठ पूजा के दिन कोई भी सार्वजनिक नदियों, तालाबों पर पूजा नहीं कर सकता है।
  • आदेश के मुताबिक, श्रद्धालु अपने घर में ही पूजा कर सकते हैं। उधर, झारखंड सरकार ने भारी विरोध के चलते छठ पूजा पर लगी रोक हटा ली है। सोमवार को ही आदेश जारी कर हेमंत सोरेन सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर छठ पूजा करने पर रोक लगाई थी।
  • उत्तरप्रदेश सरकार ने कोरोना महामारी को देखते हुए छठ पूजा के लिए एडवाजरी जारी की है। श्रद्धालुओं से घर पर या घर के पास ही पूजा-पाठ करने की गुजारिश की गई है। स्थानीय प्रशासन ने नदी, तालाब और पोखरों के पास छठ के पारंपरिक स्थानों पर इंतजाम किए हैं।
  • असम के डिब्रूगढ़ में छठ पूजा समिति ने श्रद्धालु से इस बाद घर पर ही पूजा करने की अपील की है। उनसे कहा गया है कि वे इस पर्व पर नदी, तालाब और पोखरों पर इकट्‌ठा न हों।
  • महाराष्ट्र में सरकार की मंजूरी के बावजूद पुणे में सिंगल स्क्रीन थियेटर बंद रहेंगे। लक्ष्मीनाराण थियेटर के मालिक दिलीप बोरावाके ने कहा कि लोगों में अभी कोरोना का खौफ है, ऐसे में थियेटर खोले भी गए तो दर्शक नहीं मिलेंगे।
  • दिल्ली में कोरोना के केस लगातार बढ़ने से सरकार की चिंता बढ़ गई है। दिल्ली सरकार बाजार बंद करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि कोरोना रोकने के लिए बाजार बंद किए जा सकते हैं।
  • दिल्ली में अब शादी में 200 की जगह सिर्फ 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे। दिल्ली सरकार ने इसको लेकर केंद्र को प्रस्ताव भेजा है। दो दिन पहले गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में कोरोना के हालात की समीक्षा की थी।
  • दिल्ली से नोएडा की तरफ जाने वाले लोगों का अब रैंडम टेस्ट होगा। नोएडा जिला प्रशासन ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है। दिल्ली-यूपी सीमा पर ही लोगों को रोककर टेस्ट कराए जाएंगे।


दिल्ली और केरल में तेजी से बढ़े मरीज

देश में कोरोना के नए मामलों में काफी गिरावट देखी जा रही है साथ ही एक्टिव केस में भी कमी हो रही है, लेकिन दिल्ली और केरल में संक्रमण की रफ्तार तेज होती जा रही है। मंगलवार को देश में कुल 38 हजार 478 केस सामने आए, इसके मुकाबले 44 हजार 671 मरीज ठीक हो गए। 471 मरीजों की मौत हुई। एक्टिव केस में 6 हजार 672 की कमी आई।

उधर, दिल्ली में बीते 17 दिनों में ही 1 लाख 3 हजार, केरल में 93 हजार 370 केस आए हैं। महाराष्ट्र में 68 हजार 734, पश्चिम बंगाल में 60 हजार 566, हरियाणा में 35 हजार 597, जबकि राजस्थान में 31 हजार 433 मरीज मिले हैं।


5 राज्यों का हाल

1. दिल्ली

राज्य में मंगलवार को 6396 नए मरीज मिले। 4421 लोग रिकवर हुए और 99 संक्रमितों की मौत हो गई। अब तक 4 लाख 95 हजार 598 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 42 हजार मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 45 हजार 782 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 7812 मरीजों की मौत हो चुकी है।


2. मध्यप्रदेश

पिछले 24 घंटे के अंदर प्रदेश में 922 लोग संक्रमित मिले। 848 लोग रिकवर हुए और 10 की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 85 हजार 446 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 9060 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 73 हजार 284 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3102 हो गई है।


3. राजस्थान

राज्य में मंगलवार को 2194 लोग संक्रमित पाए गए। 1834 लोग रिकवर हुए और 11 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 30 हजार 180 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 19 हजार 33 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 9 हजार 58 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 2089 हो गई है।


4. महाराष्ट्र

मंगलवार को 2732 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 5123 लोग रिकवर हुए और 68 मरीजों की मौत हुई। अब तक 17 लाख 52 हजार 509 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 81 हजार 925 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 16 लाख 23 हजार 503 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 46 हजार 102 हो गई है।


5. उत्तरप्रदेश

मंगलवार को राज्य में 1420 नए मरीज मिले। 1838 लोग रिकवर हुए और 19 की मौत हो गई। अब तक 5 लाख 14 हजार 270 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 22 हजार 166 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 84 हजार 692 लोग ठीक हो चुके हैं और 7314 मरीजों की मौत हो चुकी है।


Next Story