
x
नई दिल्ली। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारत सरकार की नवरत्न कंपनी एनएचपीसी लिमिटेड (NHPC Limited) ने ट्रेनी ऑफिसर के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। खास बात यह है कि इस भर्ती में उम्मीदवारों को अलग से कोई लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन UGC NET जून 2026 और CLAT (PG)-2026 के स्कोर के आधार पर किया जाएगा। इसके बाद ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू आयोजित होंगे।
एनएचपीसी की ओर से जारी विज्ञापन संख्या NH/Talent Acquisition/08/2026 के तहत कुल 41 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें ट्रेनी ऑफिसर (HR), ट्रेनी ऑफिसर (PR) और ट्रेनी ऑफिसर (Law) के पद शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों को E2 ग्रेड में नियुक्ति मिलेगी। इसमें वेतनमान 50,000 रुपये से लेकर 1,60,000 रुपये तक निर्धारित है। कंपनी के अनुसार, नए नियुक्त उम्मीदवारों का अनुमानित सालाना वेतन पैकेज 16 से 17 लाख रुपये तक हो सकता है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है।
41 पदों पर होगी भर्ती, जानिए किस विभाग में कितनी वैकेंसी
एनएचपीसी की इस भर्ती में अलग-अलग विभागों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं। आधिकारिक विज्ञापन के अनुसार पदों का विवरण इस प्रकार है।
ट्रेनी ऑफिसर (HR): 25 पद
ट्रेनी ऑफिसर (PR): 2 पद
ट्रेनी ऑफिसर (Law): 12 पद
ट्रेनी ऑफिसर (Law), NHDC: 2 पद
इस तरह कुल 41 नियमित पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अलावा दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए तीन पदों का अलग विशेष भर्ती अभियान भी अधिसूचित किया गया है।
किन उम्मीदवारों को मिलेगा आवेदन का मौका?
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए केवल संबंधित विषय की निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होना पर्याप्त नहीं है। उम्मीदवार के पास संबंधित परीक्षा का वर्ष 2026 का वैध स्कोरकार्ड भी होना अनिवार्य है।
ट्रेनी ऑफिसर (HR): उम्मीदवार के पास मानव संसाधन प्रबंधन, इंडस्ट्रियल रिलेशंस, पर्सनल मैनेजमेंट या निर्धारित संबंधित विषय में दो वर्षीय नियमित पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री, डिप्लोमा अथवा मैनेजमेंट प्रोग्राम होना चाहिए। इसके अलावा निर्धारित विशेषज्ञता के साथ MSW, MHROD या MBA (HR) वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। साथ में UGC NET जून 2026 का विषय कोड 55 का वैध स्कोर होना चाहिए।
ट्रेनी ऑफिसर (PR): इस पद के लिए कम्युनिकेशन, मास कम्युनिकेशन, जर्नलिज्म या पब्लिक रिलेशंस में दो वर्षीय नियमित पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा होना जरूरी है। इसमें न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए। उम्मीदवार के पास UGC NET जून 2026 का विषय कोड 63 यानी मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म का वैध स्कोरकार्ड होना चाहिए।
बिना लिखित परीक्षा कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि एनएचपीसी की ओर से अलग से कोई लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों में होगा।
UGC NET/CLAT स्कोर: संबंधित परीक्षा के जून 2026 या CLAT PG 2026 स्कोर को 75 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा।
ग्रुप डिस्कशन: इसमें उम्मीदवारों के प्रदर्शन को 5 प्रतिशत वेटेज मिलेगा।
पर्सनल इंटरव्यू: इंटरव्यू के लिए 20 प्रतिशत वेटेज निर्धारित किया गया है।
एनएचपीसी संबंधित परीक्षा के अंकों के आधार पर मेरिट तैयार करेगी। सामान्यतः प्रत्येक पद के लिए रिक्तियों की संख्या के पांच गुना तक उम्मीदवारों को ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू के लिए बुलाया जा सकता है।ध्यान देने वाली बात यह है कि केवल UGC NET या CLAT पास होना पर्याप्त नहीं है। उम्मीदवार के पास निर्धारित वर्ष 2026 का वैध स्कोरकार्ड होना चाहिए। पुराने वर्षों के स्कोरकार्ड स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
कितनी मिलेगी सैलरी?
एनएचपीसी में ट्रेनी ऑफिसर के पद पर चयनित उम्मीदवारों को E2 ग्रेड में रखा जाएगा। इसका निर्धारित वेतनमान 50,000-3%-1,60,000 रुपये (IDA) है।इसके अलावा कर्मचारियों को महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, कैफेटेरिया अलाउंस, परफॉर्मेंस रिलेटेड पे, मेडिकल सुविधाएं, पीएफ, पेंशन और ग्रेच्युटी जैसे लाभ भी मिलेंगे।कंपनी के अनुसार नए नियुक्त उम्मीदवारों का अनुमानित सालाना कुल वेतन पैकेज लगभग 16 से 17 लाख रुपये होगा। शुरुआत में उम्मीदवारों को एक साल की ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद उन्हें ऑफिसर के पद पर नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद एक साल की प्रोबेशन अवधि होगी।
आवेदन के लिए आयु सीमा और फीस
एनएचपीसी की इस भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना आवेदन की अंतिम तारीख यानी 26 दिसंबर 2026 के आधार पर होगी।आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। एससी और एसटी उम्मीदवारों को पांच साल, जबकि ओबीसी नॉन-क्रीमी लेयर उम्मीदवारों को तीन साल की छूट दी जाएगी। दिव्यांग उम्मीदवारों को भी नियमानुसार अतिरिक्त छूट मिलेगी।आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, EWS और OBC-NCL वर्ग के उम्मीदवारों को 600 रुपये और उस पर लागू टैक्स मिलाकर कुल 708 रुपये जमा करने होंगे। एससी, एसटी, महिला, दिव्यांग और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क नहीं रखा गया है।
कब तक कर सकते हैं आवेदन?
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 नवंबर 2026 सुबह 10 बजे से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 26 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को एनएचपीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां Careers सेक्शन में भर्ती से संबंधित लिंक उपलब्ध है।
Next Story





