करियर

अस्पताल से परीक्षा केंद्र तक, NEET में दिया एग्जाम

Saba Naaz
22 Jun 2026 3:32 PM IST
अस्पताल से परीक्षा केंद्र तक, NEET में दिया एग्जाम
x

Career: कोलकाता की NEET अभ्यर्थी सृष्टि दुबे ने टूटी 9 पसलियों और फेफड़ों की गंभीर चोट के बावजूद दी परीक्षा, व्हीलचेयर पर पहुंची सेंटर

कोलकाता में NEET परीक्षा के दौरान एक ऐसी प्रेरणादायक घटना सामने आई, जिसने सभी को हैरान कर दिया। 14 जून को हुए एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुईं सृष्टि दुबे ने टूटी 9 पसलियों और फेफड़ों में चोट के बावजूद NEET परीक्षा में शामिल होकर अपने हौसले की मिसाल पेश की।

जानकारी के अनुसार, सृष्टि दुबे का 14 जून को एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गया था, जिसमें उनकी 9 पसलियां टूट गईं और फेफड़ों में गंभीर चोट आई। हालत इतनी गंभीर थी कि उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया और बाद में वैस्कुलर सर्जरी भी करनी पड़ी। इसके बावजूद उन्होंने अपने सपने को अधूरा नहीं छोड़ा।

छात्रा के पिता ने इस स्थिति को देखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखकर विशेष व्यवस्था की मांग की थी, ताकि उनकी बेटी परीक्षा दे सके। परिवार ने बताया कि सृष्टि ने पूरे साल मेहनत की है और वह किसी भी हाल में परीक्षा देना चाहती हैं।

इस मामले में शिक्षा मंत्री के हस्तक्षेप के बाद NTA और स्थानीय प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए। कोलकाता के ढाकुरिया स्थित बिनोदिनी गर्ल्स हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर सृष्टि के लिए ग्राउंड फ्लोर पर अलग कक्ष की व्यवस्था की गई। परीक्षा के दौरान डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम भी मौजूद रही, साथ ही एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई।

सृष्टि व्हीलचेयर पर अस्पताल की ड्रेस में परीक्षा केंद्र पहुंचीं और पूरी निगरानी के बीच परीक्षा दी। उनकी स्थिति को देखते हुए सभी जरूरी मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, ताकि किसी प्रकार की आपात स्थिति से निपटा जा सके।

परिवार ने इस विशेष व्यवस्था के लिए शिक्षा मंत्री और प्रशासन का आभार जताया। सृष्टि की मां ने कहा कि वे लगभग उम्मीद छोड़ चुके थे, लेकिन इस सहयोग से उनकी बेटी परीक्षा दे पाई। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी छात्रा से फोन पर बातचीत की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

फिलहाल सृष्टि की हालत स्थिर बताई जा रही है। उनकी यह जिद और हिम्मत अब देशभर के छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है।

Next Story