
Career: मुंबई में NEET UG री-एग्जाम 2026 के दौरान एक भावुक करने वाला मामला सामने आया, जहां केवल दो मिनट की देरी के कारण दो छात्रों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। यह घटना मुंबई के परेल स्थित महर्षि दयानंद कॉलेज परीक्षा केंद्र पर हुई, जहां दोनों छात्र निर्धारित समय के कुछ मिनट बाद पहुंचे थे।
परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकारियों ने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) के नियमों का हवाला देते हुए प्रवेश देने से साफ इनकार कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी उम्मीदवारों पर समान नियम लागू किए जाते हैं और तय समय के बाद किसी को भी एंट्री की अनुमति नहीं दी जा सकती। जानकारी के अनुसार, एक छात्र शिवम डोंबिवली से परीक्षा देने के लिए आया था, जबकि दूसरी छात्रा मुंबई के कुर्ला क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। प्रवेश न मिलने के बाद दोनों छात्र भावुक हो गए, और छात्रा की आंखों में आंसू आ गए।
परीक्षा केंद्र के बाहर छात्रों के माता-पिता ने भी स्थिति को लेकर नाराजगी जताई और अधिकारियों से मानवीय आधार पर प्रवेश देने की अपील की। वहां मौजूद अन्य अभिभावकों ने भी समर्थन में आवाज उठाई, लेकिन नियमों का हवाला देते हुए कोई छूट नहीं दी गई। घटना के बाद परीक्षा केंद्र के बाहर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। अभिभावक लगातार अपील करते रहे, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों में किसी प्रकार की ढील संभव नहीं है।
NTA ने पहले ही उम्मीदवारों को सलाह दी थी कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और संभावित ट्रैफिक व देरी को ध्यान में रखें। एजेंसी ने स्पष्ट किया था कि निर्धारित समय के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर परीक्षा नियमों की सख्ती और छात्रों की तैयारी को लेकर गंभीर चर्चा छेड़ दी है।





