
Career: महाराष्ट्र के नागपुर में NEET UG री-एग्जाम 2026 को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया, जहां पहले एक छात्र को भारत के बजाय संयुक्त अरब अमीरात (अबू धाबी) का परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया था। बाद में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की त्वरित कार्रवाई के बाद उसका सेंटर बदलकर नागपुर कर दिया गया, जिससे छात्र ने राहत की सांस ली।
नागपुर निवासी अब्दुल्लाह मोहम्मद तालिब को पहले अबू धाबी का परीक्षा केंद्र मिला था, जिससे परिवार में काफी तनाव की स्थिति बन गई थी। इस गलती की शिकायत NTA से की गई, जिसके बाद एजेंसी ने मामले की जांच शुरू की और स्पष्ट किया कि ओपन करेक्शन विंडो के दौरान सेंटर में बदलाव छात्र के रजिस्टर्ड लॉगिन से ही किया गया था। हालांकि, शनिवार यानी 21 जून 2026 की शाम NTA ने छात्र के लिए नया एडमिट कार्ड जारी किया और उसका परीक्षा केंद्र नागपुर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, अजनी में निर्धारित किया गया। इसके बाद अब्दुल्लाह ने नागपुर सेंटर पर ही परीक्षा दी।
छात्र के पिता ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से परिवार काफी मानसिक तनाव में था, लेकिन नए केंद्र मिलने के बाद राहत मिली है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गलती किसी अन्य छात्र के साथ नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इससे बच्चों और परिवारों को अनावश्यक परेशानी होती है। NTA ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार शहर परिवर्तन अभ्यर्थी के लॉगिन के माध्यम से ही किया गया था और सिस्टम लॉग में लगातार एक ही यूजर की गतिविधि दर्ज है। एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी बदलाव नियमों के तहत ओपन विंडो के दौरान किए गए थे।
इस घटना के बाद परीक्षा केंद्र आवंटन प्रक्रिया पर भी सवाल उठने लगे हैं, हालांकि समय पर सुधार होने के कारण छात्र परीक्षा में शामिल हो सका और किसी बड़े नुकसान से बच गया। पिता ने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी तकनीकी या प्रशासनिक गलती दोबारा न हो, ताकि किसी अन्य छात्र को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।





