
Career:राजस्थान के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी खबर है। राज्य में तीन साल बाद एक बार फिर राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET 2026) आयोजित की जा रही है। इससे पहले यह परीक्षा वर्ष 2023 में हुई थी, जिसे गोविन्द गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय, बांसवाड़ा ने आयोजित किया था। इस बार परीक्षा की जिम्मेदारी कोटा विश्वविद्यालय को सौंपी गई है।
SET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 जून से शुरू होकर 15 जुलाई तक चलेगी। अभ्यर्थी राजस्थान सरकार के आधिकारिक रिक्रूटमेंट पोर्टल पर एसएसओ आईडी के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा का आयोजन 6 सितंबर 2026 को किया जाएगा, जो उसी दिन CTET परीक्षा के साथ भी पड़ रहा है।
यह परीक्षा कुल 35 विषयों में होगी, जिनमें भाषा, साहित्य, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, वाणिज्य और प्रोफेशनल विषय शामिल हैं। भाषा वर्ग में अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, उर्दू, पंजाबी, सिंधी सहित अन्य विषय होंगे। सामाजिक विज्ञान में अर्थशास्त्र, इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान आदि शामिल हैं। विज्ञान और प्रोफेशनल विषयों में रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, गणित, योग, प्रबंधन और पर्यावरण जैसे विषय रखे गए हैं।
योग्यता के अनुसार, सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए मास्टर डिग्री में कम से कम 55 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं, जबकि ओबीसी, एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 50 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। इस परीक्षा में अधिकतम आयु सीमा तय नहीं की गई है।
सेट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी राजस्थान के 34 सरकारी विश्वविद्यालयों, लगभग 100 निजी विश्वविद्यालयों और 2000 से अधिक महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्र होंगे। परीक्षा में दो पेपर होंगे, दोनों ऑब्जेक्टिव टाइप होंगे और बीच में कोई ब्रेक नहीं होगा। पहला पेपर 100 अंकों का होगा जिसमें 50 प्रश्न होंगे, जबकि दूसरा पेपर 200 अंकों का होगा जिसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे।
मार्किंग स्कीम में प्रत्येक सही उत्तर पर 2 अंक दिए जाएंगे और कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। सिलेबस यूजीसी नेट के अनुसार होगा, जिसे उम्मीदवार यूजीसी की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। यूजीसी नेट वेबसाइट https://www.ugcnetonline.in/syllabus-new.php पर जाकर इसे डाउनलोड किया जा सकता है। सामान्य, एसबीसी और ओबीसी क्रीमीलेयर के लिए आवेदन शुल्क 1500 रुपये, राजस्थान के नॉन क्रीमीलेयर ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और एसबीसी के लिए 1200 रुपये तथा एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 750 रुपये निर्धारित किया गया है।





