करियर

“असली NEET पेपर” के नाम पर बड़ा साइबर फ्रॉड उजागर

Saba Naaz
14 Jun 2026 2:53 PM IST
“असली NEET पेपर” के नाम पर बड़ा साइबर फ्रॉड उजागर
x

Career:मुजफ्फरपुर में नीट के फर्जी प्रश्नपत्र और नकली सर्टिफिकेट के नाम पर छात्रों से ठगी करने वाले गिरोह के चार और सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसआईटी की जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क टेलीग्राम के जरिए चलाया जा रहा था, जहां अलग-अलग चैनलों पर नीट प्रश्नपत्र लीक होने का झांसा देकर छात्रों को फंसाया जाता था।

पुलिस के अनुसार गिरोह पहले से गिरफ्तार मुख्य आरोपी मनीष यादव के साथ मिलकर काम कर रहा था। आरोपियों का तरीका था कि वे अभ्यर्थियों को यह भरोसा दिलाते थे कि उनके पास असली प्रश्नपत्र मौजूद है और परीक्षा में सफलता दिलाई जा सकती है। इसी लालच में छात्रों से मोटी रकम वसूली जाती थी और बदले में फर्जी सामग्री भेजी जाती थी।

जांच में यह भी सामने आया है कि सोशल मीडिया पर नीट प्रश्नपत्र लीक को लेकर लगातार अफवाहें फैलाई जा रही थीं, जिससे छात्रों में भ्रम की स्थिति बनी हुई थी। मई महीने में इस मामले का पहला खुलासा हुआ था, जिसके बाद लगातार जांच जारी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क और किन राज्यों तक फैला है और कितने छात्र इसके शिकार बने हैं। मामले की जांच अभी जारी है और कई डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

Next Story