करियर

इन कॉलेजों में मिलेगा दाखिला

Saba Naaz
26 Jun 2026 5:14 PM IST
इन कॉलेजों में मिलेगा दाखिला
x

Career: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (UG) एडमिशन की पहली मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। जिन छात्रों ने BA, BSc और BCom कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन किया था, वे अब विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट lnmu.ac.in पर जाकर अपना नाम चेक कर सकते हैं। पहली मेरिट लिस्ट 25 जून 2026 को जारी की गई है।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जिन छात्रों का नाम पहली मेरिट लिस्ट में शामिल है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर आवंटित कॉलेज में जाकर एडमिशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। नाम आने के बाद छात्रों को सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा, अन्यथा उनका नामांकन रद्द हो सकता है। मेरिट लिस्ट देखने के लिए छात्रों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाना होगा। वहां UG Admission 2026 या First Merit List के लिंक पर क्लिक कर एप्लीकेशन नंबर और आवश्यक विवरण भरकर लिस्ट देखी जा सकती है। छात्र इसे डाउनलोड कर प्रिंट भी निकाल सकते हैं ताकि एडमिशन के समय उपयोग किया जा सके।

एलएनएमयू द्वारा जारी सूची के अनुसार इस बार कई प्रमुख कॉलेजों में दाखिला दिया जाएगा। इनमें दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय जिले के कॉलेज शामिल हैं। प्रमुख कॉलेजों में सी एम कॉलेज दरभंगा, बी आर बी कॉलेज समस्तीपुर, आर के कॉलेज मधुबनी, के एस कॉलेज लहेरियासराय, मारवाड़ी कॉलेज दरभंगा, जी डी कॉलेज बेगूसराय, आर सी एस कॉलेज मंझौल, समस्तीपुर कॉलेज, एम एल एस एम कॉलेज दरभंगा समेत कुल 40 से अधिक कॉलेज शामिल हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को सलाह दी है कि वे समय पर अपने दस्तावेजों के साथ संबंधित कॉलेज पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया पूरी करें। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी छात्र को एडमिशन का अवसर नहीं दिया जाएगा। इस मेरिट लिस्ट के जारी होने के साथ ही अब कॉलेजों में नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है। बड़ी संख्या में छात्रों को इस सूची का इंतजार था, जिससे अब उनका एडमिशन प्रोसेस आगे बढ़ेगा।

Next Story