व्यापार
वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही में टीसीएस का मुनाफा 2 प्रतिशत गिरा, आय में हुई बढ़ोतरी
jantaserishta.com
10 April 2025 5:23 PM IST

x
मुंबई: भारत की दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। जनवरी-मार्च अवधि में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 1.68 प्रतिशत घटकर 12,293 करोड़ रुपये रह गया है। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में कंपनी को 12,502 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।
कंपनी के मुनाफे में मामूली गिरावट की वजह वैश्विक स्तर पर अस्थिरता का होना है। जनवरी-मार्च अवधि में टीसीएस की परिचालन से कंसोलिडेटेड आय सालाना आधार पर 5.3 प्रतिशत बढ़कर 64,479 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में यह 61,237 करोड़ रुपये थी। पूरे वित्त वर्ष 25 में टीसीएस की आय सालाना आधार पर 6 प्रतिशत बढ़कर 2,55,324 करोड़ रुपये हो गई है और इस दौरान कंपनी को 48,553 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है।
वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही में टीसीएस ने 30 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड घोषित किया है। इसके अतिरिक्त, वित्त वर्ष में अंतरिम और स्पेशल डिविडेंड को मिलाकर कंपनी ने कुल 96 रुपये का डिविडेंड घोषित किया है। टीसीएस ने अपनी फाइलिंग में कहा, "निदेशक मंडल ने 1 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 30 रुपये का अंतिम डिविडेंड देने की सिफारिश की है। 30वीं वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन डिविडेंड का भुगतान एजीएम समाप्त होने के पांच दिनों के भीतर किया जाएगा।"
कंपनी ने फाइलिंग में आगे कहा, "टीसीएस ने 30 अरब डॉलर वार्षिक आय की अहम उपलब्धि हासिल की है।" वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही में कंपनी का मार्जिन 19 प्रतिशत का रहा है और समीक्षा अवधि में कंपनी ने 12.2 अरब डॉलर की डील हासिल की है।
आखिरी कारोबारी सत्र में टीसीएस का शेयर 1.64 प्रतिशत गिरकर 3,239 रुपये पर बंद हुआ। महावीर जयंती के कारण शेयर बाजार में आज अवकाश है और अब शेयर बाजार में कारोबार 11 अप्रैल को होगा।
Tagsटीसीएस
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





