व्यापार
भारतीय शेयर बाजार की दमदार वापसी, सेंसेक्स 1,005 अंक उछला
jantaserishta.com
28 April 2025 4:27 PM IST

x
मुंबई: भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को दमदार वापसी की और कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,005 अंक या 1.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 80,218 और निफ्टी 289 अंक या 1.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,328 पर बंद हुआ।
कारोबारी सत्र में बाजार में चौतरफा खरीदारी देखी गई। लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी खरीदारी हुई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 870 अंक या 1.62 प्रतिशत की तेजी के साथ 54,440 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 129 अंक या 0.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16,676 पर बंद हुआ। आईटी सेक्टर को छोड़कर करीब सभी इंडेक्स में खरीदारी देखी गई। ऑटो, पीएसयू बैंक, फार्मा, मेटल, रियल्टी, एनर्जी और इन्फ्रा सबसे ज्यादा बढ़ने वाले इंडेक्स थे।
सेंसेक्स पैक में सन फार्मा, टाटा स्टील, एसबीआई, एक्सिस बैंक, एमएंडएम, एलएंडटी, टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक, अदाणी पोर्ट्स और कोटक महिंद्रा बैंक टॉप गेनर्स थे। एचसीएल टेक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचयूएल, इटरनल (जोमैटो), नेस्ले और टीसीएस टॉप लूजर्स थे। मुख्य सूचकांकों में बड़ी तेजी के बाद भी बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर सूचीबद्ध सभी शेयरों में से ज्यादा शेयर लाल निशान में बंद हुए।
कारोबार के अंत में बीएसई पर 1,958 शेयर हरे निशान में, 2,038 शेयर लाल निशान में और 183 शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए। एलकेपी सिक्योरिटीज में सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट, रूपक दे का कहना है कि निफ्टी में शानदार रिकवरी देखने को मिली है और हाल के उच्चतम स्तर के करीब बंद हुआ। निफ्टी के लिए अब 24,360 एक रुकावट का स्तर है। ऐसे में एनएसई का मुख्य सूचकांक इस लेवल के आसपास कुछ दिनों तक कंसोलिडेट कर सकता है।
उन्होंने आगे कहा, "अगर यह लेवल टूटता है तो 24,550 के स्तर देखने को मिल सकते हैं। वहीं, अगर यह 24,000 के नीचे जाता है तो 23,800 का स्तर देखने को मिल सकता है।" पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुक्रवार को सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 0.8 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली थी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





